
अंबिकापुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ शासन के दो साल पूरे होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग ने अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में “2 साल निरंतर सेवा निरंतर विकास” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सभी आयुवर्ग के नागरिकों ने सांस्कृतिक रंग और संवाद के साथ उत्साह के साथ भाग लिया।
इस आयोजन में देर शाम तक नृत्य, संगीत, ओपन माइक, फन एक्टिविटी और क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं को आम जन तक रोचक तरीके से पहुँचाया गया। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं पर आधारित प्रश्न पूछे गए, जिनके सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार से नवाजा गया।

योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों ने मंच पर अपने अनुभव साझा कर शासन की पहल की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा “सरगुजा नेचुरल्स” का स्टॉल लगाया गया, जिसमें बिहान समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री हुई। विजेताओं को दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों के कूपन प्रदान किए गए, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनाया।
आयोजन में महतारी वंदन योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना, कृषक उन्नति योजना, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री बस योजना सहित अन्य हितग्राहीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का भी वितरण किया गया, जिसे लोगों ने रुचि से पढ़ा।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक जनसंपर्क रायपुर इस्मत जहां दानी ने नागरिकों को आगामी 23 से 25 जनवरी तक होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव की जानकारी दी, जिस पर काफी संख्या में लोगों ने रजिस्ट्रेशन कर अपने उत्साह का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सहायक संचालक जनसंपर्क विभाग सरगुजा अजीत एक्का, सहायक सूचना अधिकारी मेघा यादव, जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम नीरज नामदेव और जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
