पुणे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने शनिवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) (National Defence Academy – NDA) से पास होने वाले कैडेटों को देश की ‘सुरक्षा ढाल’ बताया। उन्होंने कहा कि कैडेटों की ताकत, अनुशासन और प्रतिबद्धता न केवल भारत की सीमाओं की रक्षा करेगी, बल्कि देश के स्कूलों, अस्पतालों और संस्थानों को भी सुरक्षित रखेगी। 2047 तक एक विकसित और शक्तिशाली (Developed and Powerful) राष्ट्र बनने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की इस यात्रा में पासिंग आउट होने वाले कैडेटों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
राजनाथ सिंह पुणे के पास खड़कवासला स्थित एनडीए में 151वें कोर्स के कैडेटों और उनके माता-पिता के लिए आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर आयोजित किया गया था। राजनाथ सिंह पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर होंगे। उन्होंने कहा, ‘आपका बच्चा इस देश की सुरक्षा ढाल है। मैं आपके बच्चे को ढाल इसलिए कहता हूं, क्योंकि जब ढाल मजबूत होती है, तभी वह दूसरों की रक्षा कर सकती है।’
कैडेटों की सफलता में माता-पिता के त्याग की अहम भूमिका
राजनाथ सिंह ने कैडेटों के माता-पिता के योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि वर्षों के त्याग, अनुशासन और मार्गदर्शन ने उनके बच्चों को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘आज मैं यहां रक्षा मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि इन बच्चों के अभिभावक के रूप में खड़ा हूं।’ उन्होंने कहा कि एनडीए कैडेटों को केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाता, बल्कि उनके चरित्र, नेतृत्व क्षमता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता को भी विकसित करता है।
व्यक्तिगत सुविधाओं पर क्या बोले रक्षा मंत्री?
सैन्य जीवन की चुनौतियों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कैडेटों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात होकर सेवा करनी होगी। कई बार उन्हें अपने परिवार से दूर रहना पड़ेगा और सामान्य सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी। सैन्य अभियानों से जुड़ी जिम्मेदारियों के कारण वे परिवार के महत्वपूर्ण आयोजनों और त्योहारों में भी शामिल नहीं हो पाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘देश के प्रति कर्तव्य के बाद ही व्यक्तिगत सुविधाओं का स्थान आता है। जब कोई सैनिक सीमा पर तैनात होता है, तो उसका परिवार भी उसके साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा होता है।’
शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में कैडेटों की अहम भूमिका
भारत के 2047 तक एक विकसित और शक्तिशाली राष्ट्र बनने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की इस यात्रा में पासिंग आउट होने वाले कैडेटों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के सैन्य करियर की शुरुआत के दौरान उनके लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत बने रहें। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश उनके त्याग को कभी नहीं भूलेगा।
