
धमतरी, 03 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्यभर में रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को संभागीय कार्यालय धमतरी में जश्न का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालन अभियंता अनिल प्रसाद सोनी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत अर्जुनी के पूर्व सरपंच कालीदास सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्युत सेवा में गुणात्मक सुधार हुआ है और लो-वोल्टेज की समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है।
ग्राम पंचायत रांवा के सरपंच नारदराम साहू और पीपरछेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि निमेश साहू ने कहा कि देश में निरंतर विद्युत आपूर्ति का महत्वपूर्ण दायित्व विद्युत विभाग निभा रहा है। चाहे भीषण गर्मी हो, तेज बारिश, आंधी-तूफान या कड़ाके की ठंड—हर परिस्थिति में विद्युत कर्मी 24 घंटे, 365 दिन सेवा देने के लिए तत्पर रहते हैं। ग्राम पंचायत तरसीवा के सरपंच प्रतिनिधि डॉ. वोमेश सिन्हा ने कहा कि ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं की अधिकांश समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो गया है।
कार्यक्रम में धमतरी जोन के सहायक अभियंता बी.एल. सिन्हा, अर्जुनी उपसंभाग के सहायक अभियंता वामन कुमार साहू, के.एस.जी. उपसंभाग के सहायक अभियंता तुषार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीपीएल, घरेलू, कृषि पंप कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री सूर्य का मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर कनेक्शन लेने वाले पांच-पांच उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सोलर उपभोक्ता चिंताहरण साहू ने बताया कि सोलर कनेक्शन लेने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। वहीं रामपुर वार्ड निवासी श्रीकांत सरोज ने कहा कि सोलर कनेक्शन से बिजली बिल जमा करने की चिंता समाप्त हो गई है। महिमासागर वार्ड निवासी अरुण कुमार तिवारी, गोकुलपुर निवासी मस्तराम साहू, जोधपुर निवासी जी.एल. गजेंद्र सहित अन्य उपभोक्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि सोलर कनेक्शन से उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है।
मुख्य अतिथि अनिल प्रसाद सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद बीते 25 वर्षों में विद्युत लाइनों के व्यापक विस्तार और बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मरों की स्थापना से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
