Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

टीकमगढ़ में पशु क्रूरता पर एफआईआर, इलाके में तनाव

टीकमगढ़, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ शहर के बैकुंठी मोहल्ले में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया है। यहाँ एक पशुपालक ने मृत बछड़े का सिर काटकर गोशाला की दीवार पर टांग दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर हालात को संभाला और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बैकुंठी मोहल्ले में रहने वाला सतेंद्र यादव दुग्ध व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। कुछ दिन पहले उसकी गाय के बछड़े की बीमारी के कारण मौत हो गई थी, जिसके बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया। सतेंद्र ने सोमवार को बछड़े का सिर काटकर उसमें भूसा भर दिया, धड़ को फेंक दिया और सिर को गाय के सामने लटका दिया ताकि गाय को यह लगे कि उसका बच्चा वहीं है और वह फिर से दूध देने लगे। जब पड़ोसियों ने यह देखा, तो बजरंग दल को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर विरोध जताने लगे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटा लिया गया।

आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और देखरेख को ध्यान में रखते हुए संबंधित गाय को सरकारी गोशाला भेज दिया गया है। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *