
नई दिल्ली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। फ्रांस की कंपनी एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स को एक निजी भारतीय ग्राहक से तीन हेलीकॉप्टरों के लिए ऑर्डर मिला है, जिसमें एक एच175 हेलीकॉप्टर और दो एसीएच160 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। हालांकि, ऑर्डर की कीमत की जानकारी कंपनी ने अभी तक साझा नहीं की है।
एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स ने एक बयान में कहा है कि उसने एक निजी ग्राहक के साथ दो एसीएच 160 और एक एच175 हेलीकॉप्टर के लिए ऑर्डर साइन किया है। यह ग्राहक पहले से ही एसीएच 160 का उपयोग कर रहा है, और यह भारतीय बाजार में एच175 का पहला ग्राहक बनेगा।

कंपनी ने बताया है कि भारतीय सिविल मार्केट में सुपर-मीडियम ट्विन-इंजन हेलीकॉप्टर के साथ एच175 हेलीकॉप्टर 16-सीट कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध होगा। इसकी डिलीवरी 2026 में होने की उम्मीद है, जबकि दो एसीएच160 हेलीकॉप्टर ग्राहक की विशेष आवश्यकताओं के अनुसार विशेष रूप से कॉन्फ़िगर किए जाएंगे, जो 2027 में डिलीवर किए जाएंगे।
भारत और दक्षिण एशिया में एयरबस हेलीकॉप्टर्स के प्रमुख सनी गुगलानी ने कहा, “दो एसीएच160 के लिए यह रिपीट ऑर्डर और एक भारतीय ग्राहक द्वारा पहला एच175 ऑर्डर देश में सिविल हेलीकॉप्टर मार्केट की बढ़ती मेच्योरिटी को दर्शाता है। दोनों हेलीकॉप्टर पैसेंजर ट्रांसपोर्ट के लिए एकदम सही हैं और बेहतर प्रदर्शन और शानदार आराम प्रदान करते हैं।” गुगलानी ने कहा कि वे ग्राहक को उनकी पसंद के लिए बधाई देते हैं और हमारे उत्पादों में विश्वास दिखाने के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।
एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स द्वारा डिजाइन किया गया एसीएच160 पावर और एलिगेंस का एक उत्कृष्ट संयोजन है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस, एसीएच160 बिज़नेस लीडर्स को समय और दूरी की बाधाओं को पार करने में मदद करता है, जिससे वे सटीक समय पर महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। वहीं, सुपर मीडियम एच175 अपनी वर्सेटिलिटी, रेंज और पेलोड क्षमताओं के साथ एयरबस हेलीकॉप्टर्स की सिविल पोर्टफोलियो में एक अनूठा स्थान रखता है। अपनी वर्ग में सबसे कम वाइब्रेशन और साउंड सिग्नेचर, तथा एडवांस्ड हेलियोनिक्स सेफ्टी सिस्टम के साथ, एच175 पैसेंजर ट्रांसपोर्ट के लिए असाधारण आराम और सुरक्षा प्रदान करता है।
