रोम। इटली (Italy) ने स्कूलों (Schools) में बुर्का और नकाब पर बैन (Burqa and Niqab Ban) लगा दिया है. नए कानून के तहत अब छात्र स्कूलों में अपना चेहरा इस तरह नहीं ढक पाएंगे जिससे उनकी पहचान छिप जाए. इस नियम से क्लासरूम में बुर्का और नकाब बैन हो गए हैं, हालांकि ऐसे नकाब को छूट मिलेगी जिनसे चेहरा साफ पहचाना जा सके. वहीं, चेहरा ढकने से जुड़े नियम को तोड़ने पर 1,000 यूरो तक का जुर्माना लग सकता है।
बता दें, इटली के चैंबर ऑफ डेप्युटीज (Italy’s Chamber of Deputies) ने 26 नवंबर को इस विवादित एजुकेशन कानून को अंतिम मंजूरी दी, जिसमें इसके पक्ष में 142 और विरोध में 112 वोट पड़े, जबकि इस दौरान चार सदस्य गैरहाजिर रहे। साथ ही कानून में फर्स्ट-ईयर की क्लासरूम में विदेशी छात्रों की संख्या की लिमिट 30% तय कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक, जिन छात्रों को इटैलियन भाषा की अच्छी समझ है, उन्हें इस 30% की लिमिट से छूट मिलेगी।
अगर कोई स्कूल तय लिमिट का पालन नहीं कर पाता है, तो एजुकेशन अथॉरिटीज छात्रों को आसपास के दूसरे संस्थानों में शिफ्ट करने का इंतजाम कर सकती हैं. नए नियमों में उन विदेशी माता-पिता के लिए इटैलियन भाषा के कोर्स का भी प्रावधान है, जिनकी भाषा से जुड़ी दिक्कतों का असर उनके बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है.
इस बीच, विपक्षी दलों ने सरकार पर भेदभाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए इस कानून की कड़ी आलोचना की है. वोटिंग के दौरान विपक्षी लॉमेकर्स ने एक प्लेकार्ड भी दिखाया, जिस पर लिखा था, ‘स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं है.’ वहीं, एजुकेशन मिनिस्टर ज्यूसेप्पे वाल्डिटारा ने इस कानून का बचाव करते हुए कहा, ‘यह कानून इटैलियन भाषा के ज्ञान और साझा नियमों के सम्मान के जरिए एकजुटता को बढ़ावा देगा.’ इस नए एजुकेशन कानून में डिजिटल टेक्स्टबुक्स, दिव्यांग छात्रों के लिए सपोर्ट और टीचर्स की भर्ती से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।
