नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम (Winter Season) में जब अंडे और चिकन (Eggs and Chicken) की खपत अपने चरम पर होती है, ठीक उसी वक्त आम आदमी की थाली का बजट बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। कृषि कमोडिटी शोध संस्था आईग्रेन इंडिया (Agricultural commodity research organization iGrain India) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस बार सर्दियों में चिकन और अंडा खाना महंगा हो सकता है। उद्योग संगठन ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि कच्चे माल की बढ़ती लागत के चलते खुदरा बाजार में चिकन 40 से 50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3 से 4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं।
क्यों महंगा होगा चिकन और अंडाः
पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों में संभावित उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण मुर्गियों के दाने यानी पोल्ट्री फीड का महंगा होना है, जिसमें मक्के और सोयाबीन प्रमुख घटक होते हैं। पोल्ट्री फीड की कीमत लगभग 15,000 रुपये प्रति टन बढ़ गई है, जिससे पोल्ट्री किसानों की उत्पादन लागत सीधे तौर पर ऊपर चली गई है।
सोयाबीन और मक्के की जमाखोरी का आरोप:
एसोसिएशन का आरोप है कि बाजार में मक्का और सोयाबीन की जमाखोरी कर कृत्रिम कमी पैदा की जा रही है, जिससे दाना मिलों और फार्म संचालकों को ऊंचे दामों पर कच्चा माल खरीदना पड़ रहा है। ऊंची लागत के दबाव में फीड प्लांटों की उत्पादन व मांग गति 15 से 20 फीसदी घट गई है, जबकि देश भर में करीब 20 से 25 फीसदी पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं।
मक्के का रकबा घटा
एक तरफ बाजार में मक्के की कीमतें और उपलब्धता चिंता बढ़ा रही हैं, तो दूसरी तरफ रबी सीजन में मक्के की बुआई भी पिछले साल के मुकाबले थोड़ी धीमी है। 26 नवंबर 2026 के रबी फसल बुआई अद्यतन के अनुसार, 20 नवंबर 2026 तक देश में रबी मक्के का कुल रकबा 5 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 5.11 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 2.15 फीसदी कम है। विश्लेषण के मुताबिक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में रबी मक्के के रकबे में कमी आई है, जबकि मध्य प्रदेश और कर्नाटक में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
