नई दिल्ली। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (Pakistani Intelligence Agency ISI) की शह से संचालित एक बड़े पाकिस्तानी डिजिटल दुष्प्रचार नेटवर्क (Pakistani Digital Disinformation Network) का पर्दाफाश किया है। इस साल 13 सितंबर से 18 नवंबर के बीच चलाए गए अभियान में एजेंसियों ने 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया हैंडल का पर्दाफाश किया। इस दौरान इन खातों से 28 बड़े झूठे दावे फैलाए गए। बताई गई अवधि में इन झूठी व भ्रामक पोस्ट्स को 28 लाख से ज्यादा बार देखा गया था।
इस नेटवर्क की सबसे खतरनाक रणनीति दुष्प्रचार को विश्वसनीय खबर का रूप देना रही। इसके लिए भारतीय नामों वाले प्रोफाइल बनाकर झूठे दावे पोस्ट किए गए। फिर सहयोगी खातों से उन्हें बड़े पैमाने पर साझा करवाया गया। इसके बाद आईएसआई से जुड़े मीडिया हैंडल्स और वेबसाइटों ने उन्हीं दावों को विश्वसनीय खबर बनाकर पेश किया। नेटवर्क के सबसे बड़े निशाने पर देश का शीर्ष रक्षा नेतृत्व रहा, इसका मकसद सेना के भीतर आक्रोश और अविश्वास फैलाना था।
सेना के खिलाफ दुष्प्रचार नाकाम पर धर्म कार्ड खेला
सेना के खिलाफ दुष्प्रचार नाकाम होने पर इन खातों ने धर्म का कार्ड खेला। 10 नवंबर को गाजियाबाद में 5 मस्जिदें गिराने व पुलिस फायरिंग, 15 नवंबर को कोलकाता पुलिस की तरफ से नमाजियों पर गोली चलाने और 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल में आरएसएस द्वारा चर्च जलाने व 5 ईसाइयों की मौत के पूरी तरह काल्पनिक व फर्जी दावे किए गए। मध्य प्रदेश, झारखंड और पंजाब-हरियाणा सीमा के 2022 और 2024 की असली झड़पों के वीडियो को नई तारीखों के साथ दोबारा पोस्ट किया गया।
सेना पर सीधा हमला
सिख रेजिमेंट के एक मेजर की मेक्सिको में गिरफ्तारी का दावा फैलाया गया (5.69 लाख व्यूज), इसका उद्देश्य सेना के भीतर आक्रोश पैदा करना था। -एनएसए अजीत डोभाल के 2019 के भाषण से छेड़छाड़ कर अश्लील टिप्पणियों वाला डीपफेक वीडियो (3.89 लाख व्यूज) प्रसारित किया गया। 14 से 16 अक्तूबर के बीच सेना प्रमुख जनरल सेठ को हटाए जाने की अफवाह (78.5 हजार व्यूज), उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी (88.7 हजार व्यूज) समेत अन्य दुष्प्रचार।
आतंकी बचाने के लिए फॉल्स फ्लैग का खेल
कुलगाम में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले (जिसमें 3 जवान घायल हुए) के तुरंत बाद नेटवर्क ने इसे भारतीय नेताओं की साजिश (फाल्स फ्लैग) बताना शुरू कर दिया। इसके लिए रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी प्रफुल्ल बख्शी का डीपफेक वीडियो (54 हजार व्यूज) और मुख्यधारा के मीडिया की एक फर्जी रिपोर्ट (88 हजार व्यूज) का सहारा लिया गया।
