Monday, August 31खबर जो असर करे |
Shadow

जादू-टोने के संदेह में एक ग्रामीण की हत्या, चार व्यक्ति गिरफ्तार

सुकमा, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जादू-टोने के संदेह में ग्राम कुचारास में चार व्यक्तियों ने मिलकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना के 9 दिन बाद शव बरामद कर हत्या के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस की जानकारी के अनुसार, हत्या के आरोपितों में कोसा सोड़ी, हुंगा सोड़ी, नंदलाल करटामी, और dula सोड़ी शामिल हैं, जो सभी ग्राम कुचारास के निवासी हैं। इन पर धारा 103(1), 61, 238, 3(5) बीएनएस और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मृतक के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई 23 जनवरी 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। गादीरास पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सुकमा एसडीओपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गांव के कुछ लोगों के साथ जादू-टोने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके परिणामस्वरूप आरोपितों ने हत्या की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने सुराग और सबूतों के आधार पर गांव में दबिश देकर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया और क्राइम सीन यूनिट और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दफनाए गए शव को बाहर निकाला। शव की स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने आम जनता से अपील की है कि वे अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रभाव में न आएं। यदि इस प्रकार की कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद सामने आता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *