
जांजगीर-चांपा, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में लगातार लूटपाट और जानलेवा हमलों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। इन घटनाओं में कुल 13 लोग घायल हुए थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और एक पीड़ित कोमा में है।
जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने कहा कि 27 और 29 जनवरी की रात के दौरान, पांच विभिन्न स्थानों पर आरोपितों ने रॉड, लोहे के पाइप और डंडों से राहगीरों पर हमला कर लूटपाट की। पुलिस ने गिरोह के आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
आज एक घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी पांडे ने बताया कि रविवार तड़के घेराबंदी के दौरान गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायर किया, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे इलाज के बाद हिरासत में लिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार, वाहन, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल ₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। सभी आरोपितों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ में बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
