
महासमुंद, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 01 से 03 फरवरी 2026 तक भव्य गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आज शनिवार दोपहर 12 बजे कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला प्रशासन की टीम सिरपुर पहुंची और आयोजन स्थल सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जन सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तैयारी तेज करने के निर्देश दिए। इस बार सिरपुर के वैभव और ऐतिहासिक महत्व को लेकर ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर लंगेह ने महोत्सव स्थल, स्टेज, डोम में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखा जाए और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डोम का निर्माण किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि महोत्सव स्थल में विभागीय स्टॉल, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, वन उत्पाद, पर्यटन एवं संस्कृति से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यवसायियों और कारीगरों को स्टॉल आबंटन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके।
महोत्सव के दौरान बॉलीवुड कलाकारों सहित स्थानीय एवं छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक छटा देखने को मिलेगी। इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी किया जाएगा। महोत्सव परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन हेतु स्थानीय पंचायत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल का विस्तृत ले-आउट अनुसार अतिशीघ्र तैयारी कर लें तथा विभिन्न जन सुविधाओं के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
