Tuesday, November 24खबर जो असर करे |
Shadow

आईटीआई के विद्यार्थियों ने स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड में किया औद्योगिक भ्रमण, आधुनिक कार्यप्रणाली को समझा

रायगढ़, 23 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। आज सोमवार को स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड ने सरकारी आईटीआई संस्थान, खरसिया के विद्यार्थियों के लिये एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रियाओं, आधुनिक मशीनों तथा तकनीकी कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संयंत्र के विभिन्न विभागों का विस्तृत अवलोकन कराया गया। कंपनी के अधिकारियों व तकनीकी विशेषज्ञों ने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनों के संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, मशीन रखरखाव तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को वास्तविक मशीनरी के सामने बैठाकर कार्य सिद्धांत समझाने के साथ‑साथ सुरक्षा उपायों की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया।

संयंत्र के प्रबंध निदेशक विकास अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “तकनीकी शिक्षा के साथ‑साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता औद्योगिक क्षेत्र में सफल भविष्य के लिये अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों के सिद्धांत को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

विद्यार्थियों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली में विशेष रुचि दिखाई और विभिन्न तकनीकी विषयों पर अधिकारियों से प्रश्न पूछे। इस दौरान विद्यार्थियों और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच संवाद भी स्थापित हुआ, जिससे दोनों पक्षों को एक-दूसरे की अपेक्षाओं एवं संभावनाओं की समझ बनी। इस पहल से कंपनी की तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और उद्योग‑शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।

कार्यक्रम के समाप्ति पर आईटीआई के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संयंत्र प्रबंधन तथा उपस्थित अधिकारियों को धन्यवाद दिया और इस प्रकार का सहयोग भविष्य में निरंतर जारी रहने की आशा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *