मुंबई। अभिनेता इमरान हाशमी और संगीतकार हिमेश रेशमिया 21 साल बाद एक बार फिर साथ नजर आए। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के लोकप्रिय संगीत रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ के मंच पर दोनों की मुलाकात ने पुरानी यादें ताजा कर दीं। इस दौरान दोनों ने अपने लंबे जुड़ाव, फिल्मी सफर और संगीत के अनुभव साझा किए। साथ ही अपनी आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर G9’ को लेकर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में होस्ट आदित्य नारायण ने इमरान हाशमी का स्वागत किया। शो में पहुंचकर अभिनेता ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बाकी सभी शो एक तरफ और ‘इंडियन आइडल’ एक तरफ है। अपने 21 साल पुराने सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान फिल्में, गाने और उनके व्यक्तित्व में काफी बदलाव आया है, लेकिन दर्शकों का प्यार आज भी पहले जैसा ही बना हुआ है।
इमरान ने अपने साथ बने गीतों की सफलता का श्रेय हिमेश रेशमिया को देते हुए कहा कि गानों के टीजर, ट्रेलर और संगीत के पीछे हिमेश की प्रतिभा है। उनका काम केवल कैमरे के सामने जाकर गीतों पर लिप-सिंक करना था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि देर आए, लेकिन दुरुस्त आए। 21 साल बाद फिर साथ आने का यह अवसर उनके लिए खास है।
इमरान की बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए हिमेश रेशमिया ने भी अभिनेता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इमरान चाहे उनका गाना हो या किसी दूसरे संगीतकार का, उसे अपने अंदाज में पर्दे पर प्रभावशाली बना देते हैं। उनके अनुसार, इमरान की खासियत यह है कि वह अभिनय के साथ-साथ संगीत को भी उसी सहजता और प्रभाव के साथ प्रस्तुत करते हैं। हिमेश ने अपनी पिछली फिल्मों के गीतों और इमरान के साथ बनी संगीत की जोड़ी का भी उल्लेख किया।
इस पुनर्मिलन के दौरान दोनों कलाकारों ने अपने पुराने सहयोग और दर्शकों से मिले प्यार को याद किया। उनकी बातचीत में पुरानी फिल्मों के संगीत से लेकर नए प्रोजेक्ट तक की झलक देखने को मिली। आगामी फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के साथ ही दोनों की यह मुलाकात उनके प्रशंसकों के लिए खास बन गई है।
उल्लेखनीय है कि फ्रेमैंटल के निर्माण में तैयार ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ का प्रसारण प्रत्येक शनिवार और रविवार रात आठ बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर किया जाता है।
