जकार्ता। इंडोनेशियाई नौसेना (Indonesian Navy) ने चीन (China) से बांग्लादेश (Bangladesh) जा रहे एक जहाज को रोककर उसमें लदा 405 टन सोडियम परक्लोरेट (Sodium perchlorate) जब्त किया है। यह एक शक्तिशाली ऑक्सीडाइजिंग केमिकल (Powerful Oxidizing Chemical) है, जिसका इस्तेमाल रॉकेट और मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले प्रोपेलेंट यानी ईंधन बनाने में किया जाता है। इंडोनेशियाई नौसेना के मुताबिक, जब्त की गई केमिकल की मात्रा से 100 मिसाइलें बनाई जा सकती थीं। जहाज में इस केमिकल के अलावा लाखों की संख्या में बिना रजिस्ट्रेशन वाले सिम कार्ड भी मिले हैं। इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में संवेदनशील केमिकल बांग्लादेश क्यों भेजा जा रहा था और वहां इसे किसे सौंपा जाना था।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोमोरोस के झंडे वाला जहाज एमवी स्टार लाइन 7 नवंबर को इंडोनेशिया के बेलावन तट के पास पकड़ा गया था। यह चीन से बांग्लादेश जा रहा था और इसमें कुल 36 कंटेनर लदे हुए थे। जहाज को पकड़ने की कार्रवाई उस समय हुई, जब वह इंडोनेशिया के बेलावन के समुद्री इलाके में ईंधन भरने के लिए रुका हुआ था। नौसेना के गश्ती जहाज KRI सिगालू-857 पर तैनात जवानों को एमवी स्टार लाइन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जहाज अपने तय समुद्री रास्ते से अलग चल रहा था। इस पर गश्ती दल ने जहाज से संपर्क किया और उसकी जांच करने का फैसला किया। शुरुआती जांच में जहाज के दस्तावेजों और उसमें लदे सामान के ब्योरे में अंतर पाया गया। इसके बाद KRI सिगालू के कमांडर ने क्षेत्रीय नौसेना मुख्यालय के साथ मिलकर जहाज की तलाशी लेने का आदेश दिया। जहाज को रोककर जांच करने के दौरान कई सामान और दस्तावेज मिले, जिन्हें आगे की जांच का हिस्सा बनाया गया है।
15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट
नौसेना के जवानों ने जहाज के सभी 36 कंटेनरों की जांच की। इसमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट मिला। इसके अलावा 54 पैलेट में लाखों की संख्या में बिना रजिस्ट्रेशन वाले खाली 4जी LTE सिम कार्ड भी बरामद किए गए। सोडियम परक्लोरेट का इस्तेमाल औद्योगिक कामों के साथ रॉकेट और मिसाइलों के प्रोपेलेंट बनाने में भी होता है। यह खुद कोई विस्फोटक या ईंधन नहीं है, बल्कि ऐसा केमिकल है जो कुछ खास परिस्थितियों में आग लगने और जलने की प्रक्रिया को तेज करने में मदद करता है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस केमिकल का इस्तेमाल किस काम के लिए किया जाना था।
मालिकाना हक, केमिकल के खरीदार की जांच
जब्ती के बाद जहाज के मालिकाना हक, केमिकल के खरीदार और बांग्लादेश में इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इंडोनेशियाई अधिकारी जहाज के क्रू से पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही कार्गो मैनिफेस्ट यानी जहाज में लदे सामान की आधिकारिक सूची में मिली गड़बड़ियों और माल पाने वाले लोगों या संस्थाओं की पहचान की जा रही है। जहाज के दस्तावेजों पर 8 अक्टूबर 2027 तक की वैधता की तारीख दर्ज थी, लेकिन उसकी स्थिति सस्पेंड दिखाई गई थी। इस वजह से जहाज के कागजात और उसकी समुद्री यात्रा की कानूनी स्थिति भी जांच के दायरे में आ गई है। अभी तक इंडोनेशियाई अधिकारियों ने साफ नहीं किया है कि चीन से भेजे जा रहे इस केमिकल का अंतिम इस्तेमाल क्या था और बांग्लादेश में इसे किसे दिया जाना था।
