
कोलकाता, 23 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट ने एक बार फिर बड़ी राहत प्रदान की है। राज्य के तीन थानों में दर्ज एफआईआर तथा सेवाश्रय परियोजना से जुड़े मामलों में अदालत ने उनके अंतरिम सुरक्षा कवच की अवधि 26 फ़रवरी तक बढ़ा दी है। सोमवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ ने आदेश दिया कि इस अवधि में पुलिस उनके विरुद्ध कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं कर सकेगी।
भवानीपुर थाने, दक्षिण 24 परगना के कालीतला थाने और विष्णुपुर थाने में डायमंड हार्बर के सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज थी। पहले 25 अगस्त को न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने इन तीन मामलों में अंतरिम सुरक्षा प्रदान किया था, जिसकी समय सीमा 30 नवंबर को समाप्त होने वाली थी। इसके अतिरिक्त, सेवाश्रय परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच डायमंड हार्बर, विष्णुपुर और रवींद्रनगर थानों में चल रही थी, जिसे भी अदालत ने 26 फ़रवरी तक सुरक्षा कवच बढ़ा कर मान्य किया।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और प्रारम्भिक जांच रिपोर्ट भी अदालत में पेश की गई। सरकार ने सुरक्षा कवच की अवधि बढ़ाने पर आपत्ति जताई, परंतु न्यायालय ने स्पष्ट किया कि संरक्षण मिलने पर भी सांसद को पूरी तरह से जांच में सहयोग करना अनिवार्य है। निर्देश है कि जांच एजेंसी द्वारा बुलाए जाने पर अभिषेक बनर्जी को 48 घंटे पहले सूचित करके पेश होना होगा। सहयोग न करने की स्थिति में राज्य सरकार अदालत का ध्यान आकर्षित कर सकती है।
2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कुल 16 एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिन्हें उन्होंने अदालत में चुनौती दी है। इसी दिन न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने तृणमूल विधायक शमीम अहमद की त्वरित सुनवाई की याचिका को भी खारिज कर दिया। शमीम अहमद के वकील किशोर दत्ता ने शीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया था, पर न्यायाधीश ने कहा कि मामला सूची के अनुसार ही सुना जाएगा। शमीम अहमद ने सेवाश्रय कार्यालय से करोड़ों रुपये की बरामदगी को ‘पूर्वनियोजित’ बताकर सीबीआई जांच की माँग की और परेशराम दास विधायक की तरह अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई।
