Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

डिकॉक के धमाकेदार शतक से साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराया, सीरीज पर कब्जा किया

सेंचुरियन, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। क्विंटन डिकॉक के ताबड़तोड़ शतक की मदद से साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में सात विकेट से जीत हासिल कर ली और इस तरह सीरीज अपने नाम कर ली। सुपरस्पोर्ट पार्क में आयोजित इस मैच में डिकॉक ने उधार के बल्ले से ऐसी पारी खेली कि दर्शक झूम उठे।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लेकिन, लक्ष्य का पीछा करते हुए डिकॉक की बेबाक बल्लेबाजी ने कैरेबियाई गेंदबाजों को बेबस कर दिया। साउथ अफ्रीका ने 15 गेंदें शेष रहते हुए तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

33 वर्षीय डिकॉक ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 49 गेंदों में 115 रन बनाये, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 10 छक्के जड़े। यह साउथ अफ्रीका का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज था। इससे पहले, 2023 में इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 259 रन का लक्ष्य हासिल किया गया था, जिसमें डिकॉक ने 44 गेंदों में 100 रन की पारी खेली थी।

मैच के बाद डिकॉक ने बताया कि उन्होंने अपने कुछ बल्ले घर पर भूल दिए थे और युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस से बल्ला उधार लिया था। डिकॉक ने कहा, “मैंने गलती से अपने कुछ बैट घर छोड़ दिए थे। सेंचुरियन में प्रोटियाज रंगों में फिर से बल्लेबाजी करना विशेष अनुभव रहा। यह मैदान हमेशा से हाई-स्कोरिंग रहा है।”

डिकॉक ने रयान रिकेल्टन के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी की। रिकेल्टन ने 36 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से ब्रैंडन किंग (49) और शिमरोन हेटमायर (75) ने दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 126 रन जोड़कर मजबूत आधार तैयार किया। हालांकि, मध्य ओवरों में साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने रन गति पर लगाम लगाते हुए केशव महाराज ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

हालांकि, शेरफेन रदरफोर्ड ने अंतिम ओवरों में 24 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाकर टीम को तेज फिनिश दिया। इस दौरान साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया ने सबसे ज्यादा रन लुटाए और उन्होंने तीन ओवर में 59 रन दिए।

मैच के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, “हमारी बल्लेबाजी अच्छी रही, लेकिन सेंचुरियन में गेंदबाजी के लिए हालात बेहद चुनौतीपूर्ण होते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *