
फिरोजाबाद, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना टूण्डला पुलिस टीम ने शनिवार को एक मुठभेड़ के दौरान लूट और चोरी की घटनाओं में संलिप्त दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दोनों अभियुक्त घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह अपने पुलिस दल के साथ गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि निहाल सिंह की पुलिया बाईपास के पास एक बिना नम्बर प्लेट वाला ऑटो खड़ा है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। ये लोग चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो संदिग्ध युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोका कारतूस, 10,020 रुपये और एक बिना नम्बर प्लेट वाला ऑटो बरामद किया गया है। घायल अभियुक्तों की पहचान जनपद एटा निवासी रवि उर्फ रविया और किताब सिंह के रूप में हुई है।
एएसपी ने बताया कि अभियुक्त रवि उर्फ रविया और किताब सिंह पर 08 सितंबर 2025 को थाना टूण्डला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के सम्बन्ध में वांछित हैं। अभियुक्त रवि के विरुद्ध जनपद एटा, कासगंज, हाथरस और जनपद अलीगढ़ में विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में लगभग 16 अभियोग पंजीकृत हैं। वहीं, अभियुक्त किताब सिंह के विरुद्ध जनपद एटा और जनपद आगरा के विभिन्न थानों में छह अभियोग पंजीकृत हैं। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
