वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। एलन मस्क की कंपनी SpaceX को अमेरिकी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात करने की अनुमति दी है। इन सैटेलाइट के जरिए अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेसिंग की जा सकेगी और पृथ्वी पर AI से जुड़ी सेवाओं के लिए कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराई जाएगी।
अब तक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए धरती पर बड़े-बड़े सर्वर और अत्याधुनिक कंप्यूटर सिस्टम लगाए जाते रहे हैं। इनका इस्तेमाल इंटरनेट सेवाओं से लेकर AI आधारित तकनीकों के संचालन तक में होता है। लेकिन SpaceX की नई योजना इस व्यवस्था को बदल सकती है। कंपनी का प्रस्ताव अंतरिक्ष में ही विशाल कंप्यूटिंग नेटवर्क तैयार करने का है।
क्या है SpaceX का प्लान
SpaceX के इस प्रोजेक्ट का नाम ‘Starmind’ बताया गया है। इसके तहत ऐसे सैटेलाइट तैनात किए जाएंगे, जिनमें शक्तिशाली कंप्यूटर सिस्टम लगे होंगे। ये सैटेलाइट आपस में ऑप्टिकल लिंक के जरिए जुड़े रहेंगे और एक-दूसरे के साथ डेटा साझा कर सकेंगे। अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस करने के बाद जरूरी सूचनाएं पृथ्वी पर भेजी जा सकेंगी।
सौर ऊर्जा से चलेंगे डेटा सेंटर
कंपनी का मानना है कि अंतरिक्ष में स्थापित डेटा सेंटर को सूर्य से लगातार ऊर्जा मिल सकेगी। इससे धरती पर मौजूद डेटा सेंटरों की बिजली और कूलिंग संबंधी जरूरतों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। खासकर AI तकनीक के तेजी से विस्तार के कारण दुनिया भर में कंप्यूटिंग क्षमता और ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है।
2040 तक नेटवर्क विस्तार का लक्ष्य
FCC की मंजूरी के अनुसार, SpaceX को नवंबर 2033 तक पहला सैटेलाइट तैनात करना होगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। कंपनी के सामने नवंबर 2040 तक मंजूर किए गए 10 लाख सैटेलाइट तैनात करने का लक्ष्य है।
वैज्ञानिकों ने जताई चिंता
हालांकि, अंतरिक्ष में इतने बड़े सैटेलाइट नेटवर्क की स्थापना को लेकर वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने चिंताएं भी जताई हैं। उनका मानना है कि बड़ी संख्या में सैटेलाइट तैनात होने से अंतरिक्ष में पहले से मौजूद उपग्रहों के संचालन और अंतरिक्ष पर्यावरण पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा इतने विशाल नेटवर्क का निर्माण और संचालन तकनीकी तथा आर्थिक दृष्टि से भी बड़ी चुनौती होगा।
