वाशिंगटन। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित स्वदेश वापसी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने के ऐलान के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को कड़ी चेतावनी दी है। रुबिन ने कहा है कि यदि शेख हसीना को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी जवाबदेही तारिक रहमान और उनकी सरकार की होगी।
न्यूयॉर्क में आयोजित ‘बांग्लादेश्स फ्यूचर’ सेमिनार में रुबिन ने यह चेतावनी दी। उन्होंने अमेरिकी राजदूत और अन्य विदेशी राजनयिकों से भी आग्रह किया कि वे बांग्लादेश सरकार तक यह संदेश पहुंचाएं। रुबिन ने भारत से भी अपने रुख पर कायम रहने और बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करने की अपील की।
वापसी पर गिरफ्तारी की आशंका
दरअसल, 2024 के छात्र आंदोलन के बाद से भारत में रह रहीं शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर स्वदेश लौटने की घोषणा की है। हालांकि, उनकी वापसी की राह आसान नहीं दिख रही है। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
वर्ष 2024 के हिंसक छात्र आंदोलन के दौरान हुई मौतों के मामले में शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया गया है और उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। इन प्रदर्शनों में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में उनकी संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश की राजनीति में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हसीना को नुकसान हुआ तो सरकार होगी जिम्मेदार : रुबिन
माइकल रुबिन ने कहा कि यदि शेख हसीना को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए तारिक रहमान और उनकी सरकार को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी और अन्य विदेशी राजनयिकों से भी इस मामले में स्पष्ट संदेश देने की अपील की। रुबिन का कहना है कि भारत को भी इस मुद्दे पर अपने रुख में बदलाव नहीं करना चाहिए।
उधर, बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना की वापसी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें वापस लाने का रास्ता प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया है और देश लौटने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूनुस और जमात-ए-इस्लामी पर भी साधा निशाना
माइकल रुबिन बांग्लादेश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर पहले भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस की आलोचना करते हुए उन्हें लोकतंत्र का विरोधी बताया था। साथ ही जमात-ए-इस्लामी पर कट्टरपंथ को बढ़ावा देने के आरोप लगाए थे।
रुबिन ने हाल ही में यह दावा भी किया कि जमात-ए-इस्लामी ने ढाका स्थित अमेरिकी दूतावास के स्थानीय कर्मचारियों के माध्यम से वहां अपनी पहुंच बना ली है। एक लेख में उन्होंने शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पैदा हुई राजनीतिक अस्थिरता में भी संगठन की भूमिका होने की आशंका जताई थी। हालांकि, ये रुबिन के आरोप और दावे हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना जरूरी है।
