
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक सेवा दूत अभियान शुरू करने की घोषणा की। इस 25 दिन चलने वाले राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान का समापन सुशासन दिवस के रूप में 25 दिसंबर को होगा, जो पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के रूप में मनाया जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इस अभियान के राष्ट्रीय संयोजक हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में चलने वाले इस पहल का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर‑घर तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएँ, सुझाव और शिकायतें एकत्र करेंगे और उन्हें सरकार व पार्टी नेतृत्व तक पहुँचाएँगे।
हर विधानसभा क्षेत्र में सेवा दूत या विस्तारक तैनात किए जाएंगे। इन्हें 25 दिनों के लिए जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में रहकर जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क स्थापित करेंगे। प्रत्येक सेवा दूत को संगठनात्मक मंडल में लगभग पाँच दिन बिताने होंगे; इस दौरान वे गाँवों, शहरी वार्डों और मतदान केंद्रों तक पहुँचेंगे, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की स्थिति और पार्टी संगठन की मजबूती का आकलन करेंगे।
अभियान को अधिक प्रभावी और निष्पक्ष बनाने हेतु कई राज्यों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके गृह जिलों से बाहर के विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी देने की योजना है। इस पहल पर जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ता स्थानीय परिस्थितियों का स्वतंत्र रूप से आकलन कर सकें।
तैयारी का कार्य पहले ही बिहार, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में शुरू हो चुका है, जहाँ संगठनात्मक कार्यशालाएँ आयोजित की गई हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे आगामी चुनाव वाले राज्यों में भी अभियान की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
