Tuesday, November 24खबर जो असर करे |
Shadow

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार को दी कड़ी फटकार, कहा- ‘बाहुबली जैसा बर्ताव बंद करो’

नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान बिहार के रोहतास जिले के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) अनिल कुमार के आचरण और कार्यशैली पर तीव्र नाराज़गी जताते हुए उन्हें कठोर फटकार लगाई। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के नेतृत्व वाली पीठ ने न्यायिक शक्ति के दुरुपयोग को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि “बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें”।

विवाद की उत्पत्ति रोहतास के तत्कालीन एसपी और 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी रौशन कुमार को अवमानना का दोषी ठहराने से हुई। 2023 के एक आपराधिक मामले में झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देशों को न मानने पर अनिल कुमार ने 29 सितंबर को तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी करार दिया। न्यायाधीश ने उनपर एक रुपये का प्रतीकात्मक जुर्माना लगाया और बिहार के डीजीपी को आदेश दिया कि इस टिप्पणी को अधिकारी की सर्विस बुक में दर्ज किया जाये।

बाद में पटना उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के इस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद अनिल कुमार ने इस निर्णय को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय की पीठ ने उनकी कानून समझ को “बहुत ही खराब” कहा और टिप्पणी की कि “हमें आपके कानून की समझ देखकर सच्ची हैरानी हुई है”। पीठ ने न्यायाधीश को बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 के दायरे और अर्थ को समझना चाहिए, यह भी कहा।

अंत में सुप्रीम कोर्ट ने अनिल कुमार को राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण के लिए भेजने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में ऐसा कोई अनुचित बर्ताव दोहराया न जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *