
गुवाहाटी, 23 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में पूर्व असम सिविल सेवा (एसीएस) अधिकारी नूपुर बोरा तथा संबंधित व्यक्तियों की 70.09 लाख मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। इसके साथ ही अब तक जब्त की गई कुल संपत्तियों का मूल्य 3.62 करोड़ तक पहुंच गया है। ईडी के गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत की गई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, अटैच की गई संपत्तियों में नूपुर बोरा के नाम पर 13.45 लाख के एसबीआई म्यूचुअल फंड यूनिट और 21.64 लाख मूल्य की तीन लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियाँ शामिल हैं। इसके अलावा, माज जालुकबारी और गराल गांव में जमीन के दो प्लॉट खरीदने के लिए दिए गए 35 लाख रुपये के अग्रिम भुगतान को भी जब्त किया गया है। गुवाहाटी में एक फ्लैट की खरीद के लिए दिया गया एडवांस भी कार्रवाई के दायरे में शामिल है, और ये रकम संबंधित विक्रेताओं व एक प्रमोटर के पास जमा है।
ईडी ने असम के मुख्यमंत्री के स्पेशल विजिलेंस सेल के विजिलेंस पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। विजिलेंस विभाग ने 12 नवंबर, 2025 को नूपुर बोरा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, और 31 मार्च, 2026 को सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर कर उनके पति गगन चंद्र कलिता, पिता किनाराम बोरा और लॉट मंडल सुरजीत डेका को भी आरोपी बनाया गया। फिलहाल यह मामला गुवाहाटी की विशेष न्यायाधीश अदालत में चल रहा है।
विजिलेंस की चार्जशीट के अनुसार, 17 जनवरी 2019 से 15 सितंबर 2025 के बीच नूपुर बोरा ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से 458.64 प्रतिशत अधिक, यानी लगभग 4.01 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति अर्जित की। ईडी ने आरोप लगाया है कि सर्कल ऑफिसर के पद पर रहते हुए नूपुर बोरा ने बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी जमा की और उसे अपने, अपने पिता और पति के बैंक खातों के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली में शामिल किया।
जांच में पाया गया कि कथित अपराध से अर्जित धन को कई बैंक लेनदेन के जरिए इधर-उधर किया गया, जिसमें उनके अधीन काम करने वाले सुरजीत डेका और उनके पिता के बैंक खातों का भी इस्तेमाल हुआ। बाद में यह रकम नूपुर बोरा के होम लोन और बचत खाते में ट्रांसफर की गई। जमीन खरीदने के कुछ समझौते शुरुआत में उनके पिता और पति के नाम पर किए गए थे, जिन्हें बाद में नूपुर बोरा के नाम पर स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा, सर्कल ऑफिस के एक संविदा कर्मचारी के नाम पर वाहन खरीदने का भी आरोप है।
ईडी का दावा है कि कथित अवैध धन को म्यूचुअल फंड, नकद प्रीमियम से खरीदी गई बीमा पॉलिसियों और रियल एस्टेट में एडवांस भुगतान के रूप में निवेश किया गया था। 2 अप्रैल 2026 को विशेष न्यायाधीश की अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 107 के तहत करीब 2.92 करोड़ मूल्य की नकदी, आभूषण, फ्लैट, जमीन, वाहन और बैंक बैलेंस को जब्त करने की अनुमति दी।
सोमवार को 70.09 लाख रुपये की अतिरिक्त संपत्तियाँ अटैच करने के बाद, पीएमएलए और संबंधित विजिलेंस कार्रवाई के तहत जब्त संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 3.62 करोड़ पहुंच गया है। फिलहाल, इस मामले में ईडी की जांच जारी है।
