इंदौर के ग्रामीण हाट में आज सजेगा सात दिवसीय ‘आदि बाजार’, केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके करेंगे शुभारंभ
by News Updater
इंदौर, 23 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर में भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा 23 से 29 नवम्बर 2026 तक सात दिवसीय राज्य स्तरीय आदि बाजार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य देश भर की जनजातीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना तथा शिल्पकारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। इसका उद्घाटन आज सोमवार को अपराह्न चार बजे केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने बताया कि इंदौर के ग्रामीण हाट में आयोजित इस बाजार में लगभग 32 स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार एवं उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां और स्थानीय वस्तुएँ प्रदर्शित व विक्रय करेंगे। वे यह भी कहे कि आदि बाजार के माध्यम से नागरिकों को जनजातीय कला एवं शिल्प परंपराओं को करीब से जानने तथा शिल्पकारों से सीधे खरीदारी करने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उनकी कला, कौशल और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है।
ट्राइफेड द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, मध्य प्रदेश में आदि बाजार और आदि महोत्सव क्रमशः रीवा (दिसम्बर 2026), भोपाल (जनवरी 2027), ग्वालियर (फरवरी 2027) और जबलपुर (मार्च 2027) में भी आयोजित किए जाएंगे। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के शिल्पकारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और विक्रय का अवसर मिलेगा, साथ ही स्थानीय नागरिकों को विविध लोक कला, पारंपरिक शिल्प और जनजातीय जीवनशैली से परिचित होने का मंच मिलेगा।
ट्राइफेड के इम्पैनल्ड सप्लायर्स में मध्य प्रदेश के कुल 1,635 तथा पूरे भारत के 6,729 कलाकार एवं शिल्पकार जुड़े हुए हैं। इस नेटवर्क के माध्यम से जनजातीय उत्पादों को संगठित विपणन व्यवस्था से जोड़ना और शिल्पकारों को व्यापक बाजार प्रदान करना संभव हो रहा है।
इस बाजार में मध्य प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, गुवाहाटी, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, अहमदाबाद, महाराष्ट्र और ओडिशा के शिल्पकार भाग लेंगे। प्रमुख आकर्षणों में अंबाबारी मीनाकारी, ब्लू पॉटरी, तारकशी, डोकरा शिल्प, बिदरी कला, कोकोनट बॉक्स, लौह शिल्प, बांस शिल्प, जनजातीय चित्रकलाएँ और पारंपरिक वस्त्र शामिल होंगे। विशेष रूप से मध्य प्रदेश की महेश्वरी व चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट, डोकरा धातु शिल्प, बांस से बनी घरेलू एवं सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से बने कोकोनट बॉक्स और विविध जनजातीय चित्रकलाएँ दर्शकों को आकर्षित करेंगी।
बाजार में प्राकृतिक शहद, जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित उपहार और दैनिक उपयोग की पारम्परिक वस्तुएँ भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे जनता को जनजातीय क्षेत्रों के प्राकृतिक संसाधनों और पारम्परिक कौशल से बनी वस्तुओं को समझने व खरीदने का अवसर मिलेगा।