Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

विजय जोशी को मिला राष्ट्रीय सम्मान, शाहपुरा फड़ चित्रकला को नई पहचान

भेलवाड़ा, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। फड़ चित्रकला के क्षेत्र में नवाचार के लिए जानकी देवी सोमानी चैरिटी ट्रस्ट पुरस्कार से सम्मानित हुए चित्रकार विजय जोशी को कोलकाता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली। यह पुरस्कार मरुधारा के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उन्हें दिया गया, जिसमें राजस्थानी कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान, फड़ चित्रकला में मौलिक प्रयोगों और नवाचारपूर्ण कला साधना के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

विजय जोशी ने परंपरागत 700‑वर्षीय शाहपुरा शैली की फड़ चित्रकला को समकालीन विषयों से जोड़ कर इसका दायरा विस्तृत किया है। उन्होंने इस परंपरा में 100 से अधिक नए विषयों पर चित्रों का सृजन किया है, जिनमें लोकदेवताओं और पौराणिक आख्यानों के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना, महान व्यक्तित्वों और सामाजिक सरोकारों का भी स्थान मिला है।

फड़ चित्रकला के मुख्य विषय पाबूजी और देवनारायणजी की जीवन गाथाएँ हैं। विजय जोशी ने इस परंपरा को नए विषयों और तकनीकों के साथ प्रस्तुत किया है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने अमिताभ बच्चन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित फड़ चित्रकलाएं बनाई हैं। उनका एक अनूठा प्रयोग पूरी पाबूजी की फड़ को ऑडियो अनुभव से जोड़ना है, जिससे दर्शक हेडफोन लगाकर चित्रों को देखने के साथ ही संबंधित लोकगाथा भी सुन सकते हैं।

इस कलाकार की कला साधना को पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रपति भवन में दो बार सम्मानित किया गया है। इसके अलावा उन्हें सांस्कृतिक मंत्रालय की कनिष्ठ और वरिष्ठ फेलोशिप भी प्राप्त हुई है। मुंबई की प्रतिष्ठित जंगीर आर्ट गैलरी में उनकी एकल कला प्रदर्शनी भी आयोजित हो चुकी है। उन्होंने देश-विदेश की विभिन्न कला प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी कला का प्रदर्शन किया है।

जोशी का मानना है कि फड़ चित्रकला केवल रंगों और रेखाओं का संयोजन नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास, लोकगाथाओं और सांस्कृतिक स्मृतियों की जीवंत अभिव्यक्ति है। इस विरासत के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को जोड़ना और देश-दुनिया तक पहुँचाना उनकी कला साधना का प्रमुख उद्देश्य है। कोलकाता में मिला यह सम्मान विजय जोशी की वर्षों की साधना, शोध और समर्पण के साथ शाहपुरा की ऐतिहासिक फड़ चित्रकला तथा राजस्थान की लोक सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को भी रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *