Thursday, November 19खबर जो असर करे |
Shadow

नवाजुद्दीन सिद्दीकी के नवीनतम मेडिकल ड्रामा ‘डॉ. हसन’ का टीजर जारी

मुंबई, 18 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने फिर से अपने अनूठे अंदाज़ से दर्शकों का मनोरंजन करने की ठानी है। उनकी आगामी वेब सीरीज डॉ. हसन का टीजर जारी कर दिया गया है।

टीजर में रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी इस सीरीज को दर्शाया गया है, जिसमें नवाजुद्दीन ने एक ऐसे डॉक्टर की भूमिका निभाई है जो जटिल मेडिकल मामलों को अपनी असाधारण बुद्धिमत्ता से सुलझाने में माहिर है। परंतु उनकी प्रतिभा के साथ उनका अजीब व्यवहार और अलग मिजाज़ भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। सीरीज में दीया मिर्जा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसका प्रीमियर 11 दिसंबर को जियोहॉटस्टार पर होगा।

बानीजय एशिया के निर्माण में बनी यह सीरीज लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल ड्रामा ‘हाउस’ का भारतीय रूपांतरण है। कहानी को भारतीय परिवेश, रिश्तों और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें मेडिकल रहस्य, हास्य और भावनात्मक पहलुओं का मेल देखने को मिलेगा। नवाजुद्दीन और दीया मिर्जा के अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने लिखी है, जबकि संवाद विराट बसोया ने तैयार किए हैं। दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी इसके निर्माता हैं।

नवाजुद्दीन ने अपने किरदार के बारे में बताया कि बचपन में वह अपने शहर के क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताते थे। सीरीज की कहानी पढ़ते समय उन्हें वही पुरानी यादें ताजा हो गईं। उनके मुताबिक, डॉ. हसन की समझदारी, बातचीत का तरीका और दुनिया को देखने का अलग नजरिया इस किरदार को खास बनाता है। गौरतलब है कि ओरिजिनल सीरीज ‘हाउस’ में ह्यू लॉरी ने मुख्य भूमिका निभाई थी और यह शो 2004 से 2012 तक प्रसारित हुआ था। आठ सीजन की इस चर्चित सीरीज ने पांच प्राइमटाइम एमी और दो गोल्डन ग्लोब सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *