
गोपेश्वर, 18 नवम्बर (हि.स.) – ज्योतिर्मठ में शीतकालीन प्रवास के लिए आए भगवान बदरीविशाल के आगमन पर, शंकराचार्य की गद्दी और भगवान गरुड़ की देव डोली का बुधवार को नृसिंह मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पहली बार एक विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के अंतर्गत एक विशाल भंडारा भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। आयोजन के दौरान नृसिंह मंदिर सहित आस-पास के मंदिरों को 17 कुंतल फूलों से अलंकृत किया गया।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस कार्यक्रम को “सराहनीय पहल” कहा। उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश में शीतकालीन यात्रा का भी आरम्भ हो गया है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा पंजीकरण काउंटर स्थापित किया गया है। बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने तीर्थयात्रियों को शीतकालीन यात्रा की शुभकामनाएँ दीं।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। गद्दी दर्शन हेतु मंदिर परिसर में स्थापित शंकराचार्य की गद्दी को पूजा के बाद परंपरागत गद्दी स्थल पर विराजित किया गया। उसके पश्चात् विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस कार्यक्रम में देव पूजाई समिति, धर्माधिकारी, वेदपाठियों और अन्य गणमान्य लोगों ने बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती का अभिनंदन भी किया। उन्हें 4 नवंबर को काशी में गंगा महासभा एवं संस्कृति संसद द्वारा आयोजित संत सम्मेलन में सम्मानित किया गया था। उपस्थित प्रमुख व्यक्तित्वों में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट, मंदिर प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, कमलेश कुकरेती, प्रधानाचार्य अरविंद पंत, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सती, देव पूजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूदरी, अनूप पंवार, गिरीश रावत, विवेक थपलियाल, भूपेंद्र रावत, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, राकेश नेगी, हनुमान प्रसाद, सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल, मौसमी रावत और अन्य अनेक लोग उपस्थित थे।
