Thursday, November 26खबर जो असर करे |
Shadow

‘मोदी चालीसा’ पर सवाल पूछते ही भड़के अभिजीत दीपके, हनुमान चालीसा के अपमान को लेकर पत्रकार ने घेरा

नागपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार मामला हिंदू धर्म की आस्था से जुड़ा है। दरअसल, बुधवार को केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत दीपके ने ‘मोदी चालीसा’ गीत बजाकर की। इसके बाद उन पर हनुमान चालीसा का अपमान करने के आरोप लगने लगे। जब एक पत्रकार ने धार्मिक भावनाएं आहत होने को लेकर सवाल किया तो दीपके नाराज हो गए और गाना बनाने वाले के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने लगे।

नागपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कथित सेंसरशिप को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि राजनीतिक मुद्दों से संबंधित अन्य पोस्ट को दबाया जा रहा है। दीपके ने यह भी दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से अधिक पोस्ट हटाई गईं।

दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि देश में सेंसरशिप का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के अलावा राजनीति से जुड़ी दूसरी सामग्री को इंस्टाग्राम और मेटा पर दबाया जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री की तस्वीर और ‘मोदी चालीसा’ रखी है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री की तस्वीर सामने रखने से शायद इंस्टाग्राम इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को अपने प्लेटफॉर्म से नहीं हटाएगा। इस दौरान सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी मौजूद थे।

पत्रकार के सवाल पर भड़के दीपके

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने सवाल किया कि क्या ‘मोदी चालीसा’ गीत से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी? इस सवाल पर दीपके नाराज हो गए। उन्होंने गीत तैयार करने वाले गायक और भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर दी।

दीपके ने कहा, ”जिस सिंगर ने यह गाना गाया है, उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर होनी चाहिए। उसने ऐसा गाना बनाया कैसे? उसे तुरंत जेल में डालो।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के सोशल मीडिया से भी यह गाना लिया गया है, इसलिए उसके सोशल मीडिया संचालकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

गौरतलब है कि सीजेपी पर इससे पहले भी सनातन धर्म और हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अपमान के आरोप लग चुके हैं। नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के दौरान कथित तौर पर ‘सीता के पति’ नारे को लेकर भी विवाद हुआ था।

चुनाव नहीं लड़ेंगे अभिजीत दीपके

इस बीच अभिजीत दीपके ने चुनावी राजनीति में उतरने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे और न ही सीजेपी की राजनीतिक पार्टी बनाने की कोई योजना है।

दीपके ने कहा कि उनका संगठन किसी राजनीतिक दल का पक्ष लेने के लिए काम नहीं कर रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीजेपी किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *