Wednesday, November 25खबर जो असर करे |
Shadow

कुसमी में प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण से 100 से अधिक किसान लाभान्वित

बलरामपुर, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता घटाकर कम लागत में खेती को टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर ने कुसमी विकासखंड के ग्राम गोपीनगर में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत इस कार्यक्रम में गोपीनगर और केंदली ग्राम पंचायतों के 100 से अधिक चयनित किसानों ने हिस्सा लिया।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के निदेशक विस्तार सेवाओं के निर्देश और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जी.के. निगम के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण आयोजित हुआ। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. इंद्रपाल सिंह पैकरा ने प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसके महत्व और बुनियादी सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करने से खेती की लागत कम की जा सकती है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है।

किसानों को बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे प्राकृतिक कृषि आदान तैयार करने का व्यावहारिक तरीका समझाया गया। इसके साथ ही मल्चिंग, वाफसा और फसल विविधीकरण जैसी तकनीकों की जानकारी भी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को गाँव में ही इन आदानों को तैयार करने के लिए प्रेरित किया, ताकि बाहर से खरीदे जाने वाले उत्पादों पर निर्भरता कम हो और उत्पादन लागत घटाई जा सके।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बसंत टोप्पो, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अशोक कुजूर, गोपीनगर की सरपंच लीलावती बेक, सचिव इस्पात राम, केंदली के सरपंच कमल राम और सचिव नयन तारा भगत उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और प्राकृतिक खेती से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं के समाधान भी प्राप्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *