
नई दिल्ली, 24 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरी दौर की बातचीत मंगलवार को भी जारी रही। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में दोनों दलों ने सीट-दर-सीट चर्चा की लेकिन अभी कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है। सपा ने कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीट का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 100 से 140 सीटों के बीच चुनाव लड़ने की मांग कर रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बैठक के बाद बातचीत को सकारात्मक और सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों दल अगले दौर की बैठक की तारीख तय करेंगे। आराधना मिश्रा ने कहा कि आज गठबंधन के बीच सीट-दर-सीट सकारात्मक चर्चा हुई है। सभी सीटों पर एक-एक कर बातचीत की गई है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का मत है कि सभी सीटों पर चर्चा होनी चाहिए। गठबंधन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और जल्द ही इसकी घोषणा कर चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएंगी।
सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीट का प्रस्ताव देने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इनमें 20 ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे। सपा सांसद राजीव राय ने भी कहा कि सीटों की संख्या को लेकर चर्चा होगी और उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सपा सांसद इकरा हसन ने बातचीत को सार्थक और सकारात्मक बताते हुए कहा कि सीट बंटवारे की चर्चा में दोनों पक्ष अपनी-अपनी ओर से प्रस्ताव रख
