उज्जैन। अवंतिका नगरी ( Avantika City ) में वैकुंठ चतुर्दशी (Vaikuntha Chaturdashi) के पावन अवसर पर आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रात में देवाधिदेव महादेव (Lord Mahadev) ने सवारी के रूप में गोपाल मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण (श्री हरि) को सृष्टि के संचालन का कार्यभार सौंपा। वहीं, सुबह महाकाल मंदिर की भस्म आरती में भगवान विष्णु (Lord Vishnu) के पूजन के साथ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य साकार हुआ। इस दिव्य परंपरा के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की वैकुंठ चतुर्दशी की रात 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से हरिहर भेंट की पारंपरिक सवारी निकाली गई। बाबा महाकाल श्री मनमहेश स्वरूप में रजत पालकी में विराजमान होकर महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचे। यहां शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में दोनों देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। चातुर्मास की समाप्ति पर बाबा महाकाल (श्री हर) ने भगवान द्वारकाधीश गोपाल (श्री हरि) को पुनः सृष्टि के संचालन का कार्यभार सौंपा।
शिव को तुलसी और विष्णु को अर्पित की गई बिल्वपत्र की माला
सनातन परंपरा में वैकुंठ चतुर्दशी का विशेष महत्व है। यह वर्ष का ऐसा अनूठा अवसर है, जब भगवान शिव और विष्णु को एक-दूसरे की प्रिय सामग्री अर्पित की जाती है। गोपाल मंदिर में पूजन के दौरान बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला भेंट की गई, जबकि भगवान श्री हरि की ओर से बाबा महाकाल को तुलसी की माला पहनाई गई।
पूजन के बाद सवारी इसी मार्ग से वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। इसमें मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर के पुजारी-पुरोहित, महाकाल बैंड और सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।
भस्म आरती में भी हुआ हरिहर मिलन, महाकाल ने धारण किया वैष्णव तिलक
रात में भगवान विष्णु को सृष्टि का कार्यभार सौंपने के बाद सुबह महाकालेश्वर मंदिर की नियमित भस्म आरती में भी हरिहर मिलन का दिव्य स्वरूप देखने को मिला। इस दौरान बाबा महाकाल के साथ भगवान श्री हरि विष्णु का भी विशेष पूजन और आरती की गई। इस अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। उन्होंने मस्तक पर वैष्णव (विष्णु) तिलक लगाया और गले में तुलसी की माला धारण की। इसके बाद भस्म रमाकर भक्तों को दर्शन दिए।
पौराणिक मान्यता: शैव और वैष्णव एकता का प्रतीक है हरिहर मिलन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह के लिए पाताल लोक में राजा बलि के यहां योगनिद्रा में विश्राम करने चले जाते हैं। इस दौरान सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव यह कार्यभार पुनः भगवान विष्णु को सौंप देते हैं और स्वयं कैलाश पर्वत पर तपस्या के लिए लौट जाते हैं। हरिहर मिलन की यह परंपरा शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच आपसी समन्वय, एकता और एकात्म भाव का प्रतीक मानी जाती है।
