Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

भारत की भाषाई विविधता के मुरीद हुए पुतिन, पीएम मोदी से बातचीत का किया जिक्र

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की सराहना की है। सर्बियाई फिल्म निर्देशक एमिर कुस्तुरिका को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि भारत में बोली जाने वाली भाषाओं और उन्हें बोलने वाले लोगों की संख्या जानकर वह हैरान रह गए थे। उन्होंने भारत की भाषाई विविधता को ‘अद्भुत’ बताया।

पुतिन ने बताया कि भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को समझने के दौरान उनकी दिलचस्पी यहां की भाषाओं में भी बढ़ी। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की प्रमुख भाषा बोलते हैं। पुतिन के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने बताया था कि करीब 1.5 अरब की आबादी वाले भारत में लगभग 60 करोड़ लोग प्रमुख भाषा बोलते हैं। इसका अर्थ है कि देश की बड़ी आबादी अलग-अलग भाषाओं में संवाद करती है।

इस जानकारी पर आश्चर्य जताते हुए पुतिन ने कहा, ‘क्या यह अद्भुत नहीं है? सचमुच अद्भुत।’ उनके इस बयान में भारत की भाषाई विविधता के प्रति प्रशंसा और आकर्षण दिखाई दिया।

भारत की विविधता ने बढ़ाई पुतिन की दिलचस्पी

रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सभ्यता बेहद प्राचीन और दिलचस्प है। यहां अलग-अलग क्षेत्रों में भाषाएं, खानपान, रीति-रिवाज और परंपराएं बदल जाती हैं। इसके बावजूद देश की साझा सांस्कृतिक पहचान बनी रहती है। पुतिन के मुताबिक, भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जितना अधिक उन्होंने जाना, इस देश के प्रति उनकी दिलचस्पी उतनी ही बढ़ती गई।

रूस की सभ्यता से भी की तुलना

साक्षात्कार के दौरान पुतिन ने रूस की सभ्यता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस में अलग-अलग जातीय और धार्मिक समुदायों को अपनी भाषाएं, रीति-रिवाज और धार्मिक परंपराएं बनाए रखने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा, ‘रूसी सभ्यता ने कभी किसी को अपने अधीन नहीं किया।’ पुतिन के अनुसार, रूस में विभिन्न समुदायों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को बरकरार रखते हुए साथ रहने का अवसर पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *