भोपाल। राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला ने कथित तौर पर दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और खुद भी उसका सेवन कर लिया। घटना के समय घर अंदर से बंद था। बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसी छत के रास्ते घर में पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की हालत गंभीर हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 37 वर्षीय रुकसाना, उसके 12 वर्षीय बेटी रुकईया और आठ वर्षीय बेटे फैजल के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद था। बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कुछ लोग छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दरवाजा खोला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सपरे के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है। इसी विवाद के बाद महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
