Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

बस्तर में ‘बिहान’ के तहत 3850 क्विंटल मक्का सीधी खरीद से किसानों को मिला लाभ

बस्तर, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चल रही ‘बिहान’ पहल अब धरातल पर रंग ला रही है। इस कार्यक्रम के तहत बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है; उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।

‘बिहान’ के तहत गठित 10 एफपीओ में से ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ (बकावंड) और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ (दरभा) ने उत्पादक समूहों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद की। इस मक्का को बाद में सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को बेच दिया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी रही।

किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से, इन एफपीओ और उत्पादक समूहों ने यह कदम उठाया ताकि गाँव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीद की जा सके। इससे किसानों को अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली है और मंडी में इंतजार करने के समय की भी बचत हुई है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से, किसानों को अपने गांव की दहलीज पर ही उपज का उचित और ऊंचा मूल्य मिलता है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा होता है।

उपज की सफल खरीद के बाद, ये कंपनियाँ भविष्य में किसानों को खेती से जुड़ी ‘इनपुट सुविधा’ (खाद, बीज, कीटनाशक) उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। एक बार मशीन मिलने पर एफपीओ के माध्यम से सभी किसानों को समय पर, कम लागत और उचित दर पर इनपुट मिल सकेगा, जिससे अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।

इस उपलब्धि पर एफपीओ के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी’ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकेंगे, बल्कि खेती के लिए जरूरी संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया में ‘बिहान’ के विकासखंड स्तर के कर्मचारियों, एफपीओ के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *