Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

बस्तर में ‘बिहान’ से मक्का की सीधी खरीद, 3850 क्विंटल में बेहतर दाम

बस्तर, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को मध्यस्थों के चंगुल से बाहर निकालने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल अब धरातल पर रंग लाई है। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसान अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी की दौड़ नहीं लगाना पड़ रहा है, बल्कि अपने ही गाँव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।

इस संदर्भ में ‘बिहान’ के तहत गठित दस एफपीओ के तहत “लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड” (बकावंड) और “मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी” (दरभा) ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद की है। इस मक्का को बाद में सीधे स्थानीय व्यापारी “सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड” को विक्रय किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी रही।

किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से गठित इन एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गाँव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीद की जा रही है। इस नई व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ हो रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले भारी-भरकम परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली है। साथ ही, मंडी में अपनी बारी का इंतजार करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले कीमती समय की भी बचत हो रही है।

इन कंपनियों ने आगे चलकर किसानों को खेती से जुड़ी ‘इनपुट सुविधा’ यानी खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीओ के माध्यम से ही सभी किसानों को समय पर, कम लागत और उचित दर पर खाद‑बीज मिल सकेगा, जिससे उनकी अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

इस उपलब्धि पर एफपीओ के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकेंगे, बल्कि खेती के लिए जरूरी संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया और आयोजन में बिहान के विकासखंड स्तर के कर्मचारियों, एफपीओ के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *