Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद से किसानों को मिला बेहतर दाम

जगदलपुर, 22 नवंबर (हि.स.) – ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल अब धरातल पर रंग लाना शुरू कर चुकी है। बस्तर जिला के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों के लिए अब अपनी उपज बेचने के लिए मंडी दौड़ने की ज़रूरत नहीं रही, क्योंकि उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।

इस अभियान के तहत गठित 10 एफपीओ – ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ (बकावंड) और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ (दरभा) – ने किसान समूहों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद की। यह मक्का बाद में सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को बेचा गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी बनी रही।

किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए इन एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गांव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीदारी की जा रही है। इस नई व्यवस्था से किसानों को शहर या मंडी तक पहुँचाने के भारी परिवहन भाड़े और अन्य अनावश्यक खर्च से राहत मिली है, साथ ही मंडी में बारी के इंतज़ार के कीमती समय की भी बचत हुई है। बिचौलियों के हटने से किसान अपनी दहलीज पर ही उपज का सही और ऊँचा मूल्य प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में प्रत्यक्ष बढ़ोतरी हुई है।

भविष्य में इन कंपनियों ने किसान को खेती से जुड़ी ‘इनपुट सुविधा’ – खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां – भी उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इसके लिये एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन मिलने की मांग की गई है। इस मशीन के आने पर एफपीसी के माध्यम से सभी किसानों को समय पर, कम लागत और उचित दर पर खाद-बीज मिल सकेंगे, जिससे अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।

इस उपलब्धि पर एफपीसी के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी’ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच पाएंगे, बल्कि खेती के लिए आवश्यक संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर सकेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में बिहान के विकासखंडस्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *