Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

आईएफएफआई: पंकज झा ने बिहार पवेलियन का उदघाटन, प्रणव कुमार ने फिल्म उद्योग को सुदृढ़ करने पर चर्चा

गोवा, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के तीसरे दिन, अभिनेता, लेखक और निर्देशक पंकज झा तथा फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने वेव्स फिल्म मार्केट में स्थित बिहार पवेलियन का औपचारिक उदघाटन किया। उद्घाटन समारोह में उपस्थित बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम (फिल्म निगम) के प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रणव कुमार (भा.प्र.से.) ने पंकज झा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

समारोह के बाद प्रणव कुमार ने पंकज झा के साथ बिहार में फिल्म उद्योग को मजबूत करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की और कहा, “राज्य सरकार फिल्म जगत के लोगों के सुझावों का स्वागत करती है।” मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि बिहार में शूटिंग अनुमति से लेकर अनुदान की प्रक्रिया अब सहज और सरल हो गई है, तथा यहाँ फिल्म शुटिंग पर अधिकतम 4 करोड़ तक का अनुदान उपलब्ध है।

पंकज झा ने फिल्म नीति को लागू करने में सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, “अभिनय एक अदृश्य कला है और यह तब सर्वश्रेष्ठ होती है जब नज़र नहीं आती। मैं इसी का पालन करता हूँ। बिहार मेरा घर है और मैं यहाँ फिल्म उद्योग के विकास को अपना पूर्ण समर्थन देता हूँ।”

फिल्म परामर्शी प्रो अरविंद रंजन दास ने कहा कि आईएफएफआई में भागीदारी से देश‑विदेश के बड़े फिल्म निर्माताओं को बिहार में शूटिंग करने के लिए प्रेरित करने का बड़ा अवसर मिलेगा। प्रोड्यूसर राजन सिंह ने शुटिंग परमिशन और अनुदान की सहज प्रक्रिया को जानने के बाद बताया कि वह मार्च में अपनी अगली हिन्दी फिल्म की शूटिंग पूर्णिया में करेंगे। वहीं सागर श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी फिल्म टिया बनकर रिलीज़ के लिये तैयार है और जल्द ही एक बड़े स्टार के साथ बजट‑फिल्म की शूटिंग बिहार में करेंगे।

उसी अवसर पर पूरी तरह से बिहार में शुट की गई हिन्दी फिल्म “कबीर सर का आखिरी लेसन” की टीम बिहार पवेलियन पहुँची। यहाँ कुमार गौरव (संचार परामर्शी, फिल्म निगम) ने निर्माता‑निर्देशक सरफराज, सिनेमैटोग्राफर‑प्रोडक्शन डिजाइनर असीम बजाज और लेखक रजनीश बाबा मेहता को आईएफएफआई के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में फिल्म के चयन पर बधाई दी और सम्मानित किया।

सरफराज ने बताया कि उन्होंने नालंदा के बिहार शरीफ में फिल्म की शूटिंग की, जो एक पुरानी शिक्षक की कहानी है जो स्मार्ट एजुकेशन अपनाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, “बिहार का हिस्सा बनकर हमें गर्व है। शुटिंग के दौरान प्रशासन का पूरा सहयोग मिला और परमिशन आसानी से मिल गई।”

लेखक रजनीश ने कहा, “एक लेखक के लिये अपनी कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत होते देखना एक अनूठा अनुभव है, और आईएफएफआई जैसे मंच पर चयन होना सम्मान और खुशी दोनों है। फिल्म ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ शिक्षा, शिक्षक‑विद्यार्थी के भावनात्मक रिश्ते को दिखाने का प्रयास है, विशेषकर तकनीक और एआई के दौर में शिक्षक की भूमिका का महत्व उजागर करता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *