Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

बिहान के तहत 3850 क्विंटल मक्का का उच्च मूल्य पर सीधी खरीद, किसानों को हुआ लाभ

बस्तर, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चल रही बिहान योजना ने इस महीने एक नई सफलता दर्ज की है। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज के लिए मंडी दौड़ने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्हें अपने ही गाँव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।

इस पहल के तहत गठित 10 एफपीओ में से लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बकावंड और मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी दरभा ने 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद की। इस मक्का को बाद में स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को बेचा गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी बनी रही।

किसानों को उनके परिश्रम का सही मूल्य देने के लिये इन एफपीओ और उत्पादक समूहों ने गाँव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीद का प्रबंध किया। इससे किसानों को अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले भारी-भरकम परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली। साथ ही, मंडी में अपनी बारी के इंतजार और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले समय की भी बचत हुई। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से किसानों को अपने गांव की दहलीज पर ही उपज का उचित और ऊँचा मूल्य मिल रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इज़ाफ़ा हो रहा है।

उपज की सफल खरीद के बाद, ये कंपनियाँ भविष्य में किसानों को खेती से जुड़ी ‘इनपुट सुविधा’—कीटनाशक दवाइयाँ, खाद और बीज—उपलब्ध कराने की योजना बना रही हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था ईएफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। एक बार मशीन मिल जाने पर, एफपीसी के माध्यम से सभी किसानों को समय पर, कम लागत और उचित दर पर इनपुट्स मिल सकेंगे, जिससे वे अन्य व्यापारियों और बिचौलियों पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त कर सकेंगे।

इस उपलब्धि पर एफपीसी के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी’ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकेंगे, बल्कि खेती के लिए ज़रूरी संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया और आयोजन में ‘बिहान’ के विकासखंड स्तर के कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *