Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

झांसी पुलिस ने एक दिवसीय विशेष अभियान में 84 वारंटियों को गिरफ्तार किया

झांसी, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के झांसी में न्यायालय से जारी किए गए गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन हेतु पुलिस ने रविवार को जनपदव्यापी विशेष अभियान चलाया। इस एक दिवसीय अभियान में कुल 84 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 100 एनबीडब्ल्यू का तामिला कराया गया। कार्रवाई के दौरान पांच वारंटी मृत पाए गए और 10 वारंटियों के वारंटों को रिकॉल करवाने की सूचना मिली। एक अन्य मामले में धारा 84 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई।

अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने किया, जो अपराधियों पर अंकुश लगाने और न्यायालय के आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस योजना को लागू किया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और एसपी सिटी प्रीति सिंह की निगरानी में जनपद के सभी थानों की टीमें वारंटियों की तलाशी में जुट गईं।

नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों से वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। नगर सर्किल के कोतवाली से 11, नवाबाद से 1, सीपरी बाजार से 6 और सदर बाजार से 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सदर सर्किल में प्रेमनगर से 10, रक्सा से 5, बबीना से 2 और बड़ागांव से 4 वारंटियों को पकड़ा गया। टहरौली सर्किल में टहरौली से 4, सकरार से 1, बरुआसागर से 7 और उल्दन से 8 वारंटियों को हिरासत में लिया गया।

मोठ सर्किल में चिरगांव से 4, पूंछ से 3, समथर से 2 और शाहजहांपुर से 1 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। गरौठा सर्किल में गरौठा, एरच और गुरसराय से क्रमशः तीन-तीन, तथा ककरबई से दो वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। मऊरानीपुर सर्किल में कटेरा और टोडीफतेहपुर से एक-एक वारंटियों को पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, इन गिरफ्तारियों में शहर क्षेत्र से 61 और ग्रामीण क्षेत्र से 23 वारंटियों को हिरासत में लिया गया, कुल मिलाकर 84 वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अभियान के दौरान कुल 100 आदेशिकाओं का निस्तारण कर लिया गया। अधिकारी बताते हैं कि न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध अनुपालन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *