Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

झांसी: अपहरण और 15 लाख की लूट के बाद साथी संग मुठभेड़ में गिरफ्तार, घायल

झांसी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक व्यापारी के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर 15 लाख रुपये लेकर फरार हुए चालक और उसके साथी को गुरसराय पुलिस व स्वाट टीम ने शनिवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपित के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये की नकदी, एक बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सीओ गरौठा पीयूष पाण्डेय ने बताया कि बीती 10 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के गोला कुआं निवासी व्यापारी अनुराग सिंह ने गुरसराय थाना में सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ स्कॉर्पियो (यूपी 93 बीके 7274) से गुरसराय गए थे। गाड़ी चलाने के लिए उन्होंने नया चालक रखा था। आरोप है कि रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बहाने चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। उस समय उनका मासूम बेटा भी गाड़ी में मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, लेकिन चालक 15 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपित चालक आशीष अवस्थी निवासी श्रीराम कॉलोनी, छतरपुर (मध्य प्रदेश), हाल निवासी ईसाई टोला, थाना प्रेमनगर की तलाश शुरू कर दी थी। SSP विकास कुमार के निर्देशन में स्वाट टीम और गुरसराय पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थीं।

शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित आशीष अपने साथी लखनऊ स्थित मड़ियांव निवासी विशाल शर्मा के साथ बाइक से फरार होने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीमों ने अड़जरा जाने वाले मार्ग पर गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपितों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 50 हजार रुपये, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *