Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

बस्तर में 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद: बिहान ने किसानों को मिले ऊँचे दाम और कृषि समर्थन

बस्तर, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के लिये राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल अब धरातल पर रंग लाने लगी है। बस्तर जिला के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिये मंडी की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है, बल्कि उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।

इसी कड़ी में बिहान के तहत गठित 10 एफपीओ किसान उत्पादक संगठन “लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड” बकावंड और “मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी” दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीद की है। इस मक्के को बाद में सीधे स्थानीय व्यापारी “सोनामी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड” को विक्रय किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लाभकारी रही।

किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से गठित इन एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से गांव में ही बाजार और मंडी दर से अधिक कीमत पर खरीद की जा रही है। इस नई व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ हो रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज को शहर या मंडी तक ले जाने में लगने वाले भारी-भरकम परिवहन भाड़े और खर्च से राहत मिली है। इसके साथ ही, मंडी में अपनी बारी का इंतजार करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले कीमती समय की भी बचत हो रही है।

बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से किसानों को अपने गांव की दहलीज पर ही उपज का उचित और ऊंचा मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हो रहा है। उपज की सफल खरीद के बाद अब ये कंपनियां भविष्य में किसानों को खेती से जुड़ी “इनपुट सुविधा” यानी खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

इस उपलब्धि पर एफपीसी के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अब किसान न केवल अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकेंगे, बल्कि खेती के लिए जरूरी संसाधन भी एक ही जगह से उचित दाम पर प्राप्त कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया और आयोजन में बिहान के विकासखंडस्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *