Monday, November 23खबर जो असर करे |
Shadow

दिल्ली में छाया कोरबा के जैविक उत्पादों का जलवा, सुगंधित चावल और स्थानीय काजू की बढ़ी मांग

दिल्ली, 22 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। कोरबा और दंतेवाड़ा जिले के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के उत्पाद अब नई दिल्ली के भारत मंडपम में 13 से 27 नवंबर तक आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ‑2026) में आकर्षण के केंद्र बन रहे हैं। प्रधानमंत्री धन‑धान्य कृषि योजना के तहत इन दोनों जिलों के एफपीओ को पारंपरिक, जैविक और विशिष्ट कृषि उत्पादों के प्रदर्शन के लिए विशेष स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं।

मेले में महामाया फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन का स्टॉल प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। यहाँ सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल, स्थानीय काजू और अन्य पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किये गए हैं। इनकी प्राकृतिक सुगंध, विशिष्ट गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से दिल्ली‑एनसीआर और अन्य हिस्सों से पहुंचे खरीदार और आगंतुक प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग इन उत्पादों की खरीदारी के साथ ही उनकी पौष्टिकता, उत्पादन प्रक्रिया और जैविक खेती के विशेषताओं के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में ईरान, अफगानिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और कारोबारियों की भागीदारी ने छत्तीसगढ़ के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने की संभावनाएँ बढ़ाई हैं। यह मंच किसानों और एफपीओ को सीधे उपभोक्ताओं, व्यापारियों तथा संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

मेले में कोरबा का प्रतिनिधित्व ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल, महामाया एफपीओ के संचालक इतवारी प्रसाद बंजारे तथा प्रगतिशील जैविक किसान विजय सिंह कंवर कर रहे हैं। दंतेवाड़ा के लिए सहायक संचालक कृषि भौला लाल पैंकरा उपस्थित हैं और जिले के उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में कृषि विभाग के उप‑संचालक कृषि (डीडीए) आशुतोष श्रीवास्तव तथा सहायक संचालक कृषि (एडीए) डीपीएस कंवर का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा है। उनकी कोशिशों से कोरबा के किसान उत्पादक संगठन को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर अपने पारंपरिक, सुगंधित और जैविक उत्पादों को दिखाने का मौका मिला।

आईआईटीएफ‑2026 में कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से किसानों में उत्साह है। यह पहल छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल, स्थानीय काजू और जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी विशिष्ट पहचान दिलाने की उम्मीद बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *