अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपनी नई पहल ‘कॉकरोच क्लब’ के जरिए युवाओं को महात्मा गांधी के विचारों और उनकी विरासत से जोड़ने की तैयारी में है। पार्टी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीजर जारी कर इस क्लब की घोषणा की थी। अब सामने आया है कि ‘लिगेसी ऑफ बापू- कॉकरोच क्लब’ नाम से शुरू होने वाली इस पहल में कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के जरिए गांधी दर्शन को युवाओं तक पहुंचाया जाएगा।
पार्टी के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य महात्मा गांधी की विचारधारा और देश के लिए उनके योगदान को नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी के बीच लोकप्रिय बनाना है। इसके लिए गांधीजी के विचारों को पारंपरिक व्याख्यान और चर्चाओं से बाहर निकालकर मनोरंजक एवं संवादपरक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि युवा उनसे सहज रूप से जुड़ सकें।
‘लगे रहो मुन्नाभाई’ की गांधीगिरी से प्रेरित पहल
CJP की यह पहल वर्ष 2006 में रिलीज हुई संजय दत्त और राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ की याद दिलाती है। फिल्म में आधुनिक अंदाज और रोजमर्रा की भाषा के जरिए गांधी दर्शन को लोगों तक पहुंचाया गया था। फिल्म के बाद गांधीगिरी विरोध और अपनी बात रखने का एक लोकप्रिय तरीका बन गई थी। कई युवाओं ने विरोध प्रदर्शनों में गुलाब देकर और अहिंसक तरीके अपनाकर अपनी बात रखने का प्रयोग किया था। कॉकरोच क्लब की पहल भी गांधीजी के विचारों को नए और दिलचस्प तरीके से लोगों तक पहुंचाने की कोशिश मानी जा रही है।
पुणे में आज होगा पहला कार्यक्रम
इस पहल की शुरुआत शनिवार, 21 नवंबर को पुणे में ‘लिगेसी ऑफ बापू’ के पहले कार्यक्रम के साथ होगी। इसी आयोजन में कॉकरोच क्लब की शुरुआत भी की जाएगी। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रहस्यमयी पोस्टर और ‘स्टे ट्यून्ड’ संदेशों के जरिए क्लब का प्रचार किया जा रहा था, जिससे लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है।
कॉमेडी, व्यंग्य और संवाद होंगे कार्यक्रम का हिस्सा
CJP ने अभी तक कार्यक्रम में शामिल होने वाले वक्ताओं, कलाकारों और इसकी विस्तृत रूपरेखा का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि गांधीजी के विचारों पर हास्य, व्यंग्य और संवाद के जरिए चर्चा इसकी मुख्य विशेषता होगी। आयोजकों की योजना इस पहल को देश के विभिन्न हिस्सों तक ले जाने की है, ताकि युवाओं को गांधीजी की विचारधारा और विरासत से जोड़ने के लिए एक नया मंच तैयार किया जा सके।
CJP के एक समन्वयक के मुताबिक, यह पहल सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को उठाने के पारंपरिक तरीकों, जैसे विरोध-प्रदर्शन, से अलग होगी। पुणे का आयोजन इस बात की पहली झलक देगा कि पार्टी गांधी दर्शन के साथ कॉमेडी और व्यंग्य को किस तरह जोड़ना चाहती है। इसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की योजना का शुरुआती कदम बताया गया है।
रजिस्ट्रेशन के बाद ही मिलेगा प्रवेश
कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रहेगा, लेकिन ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। आयोजन में केवल आधिकारिक पास रखने वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
CJP इससे पहले ‘स्कूल ठीक करो’ और ‘आदिवासी स्कूल ठीक करो’ अभियानों के जरिए शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठा चुकी है। पार्टी नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी अभियान चला चुकी है।
