Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

‘तिहाड़ जेल में बहुत पीटा गया’, अमेरिकी मैथ्यू वैनडाइक का दावा, NIA चीफ बोले- शिकायत क्यों नहीं की?

वाशिंगटन। अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने तिहाड़ जेल में प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं। हालांकि, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भारत में हिरासत के दौरान वैनडाइक ने कभी ऐसी कोई शिकायत नहीं की थी। एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने सवाल उठाया कि यदि उसके साथ दुर्व्यवहार हुआ था, तो उसने अदालत में इसकी शिकायत क्यों नहीं की।

मैथ्यू वैनडाइक ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर दावा किया था कि भारत में गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल में उसके साथ मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि करीब छह महीने जेल में रहने के दौरान उसे जरूरी चिकित्सा सुविधा भी नहीं मिली। मार्च में गिरफ्तारी के बाद उसे लगभग छह महीने जेल में बिताने पड़े थे।

अदालत में पेशी के दौरान भी नहीं की शिकायत

एनआईए महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद रोधी सम्मेलन के समापन पर मीडिया से बातचीत में वैनडाइक के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वैनडाइक ने न्यायिक हिरासत के दौरान कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है, न कि सीधे एनआईए पर आरोप लगाया है।

अग्रवाल के मुताबिक, जांच के दौरान वैनडाइक छह से सात बार अदालत में पेश हुआ, लेकिन किसी भी सुनवाई के दौरान उसने मारपीट या चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की शिकायत नहीं की। उन्होंने बताया कि सितंबर में जमानत मिलने के बाद वैनडाइक अमेरिका लौट गया था। हालांकि, बाद में वह एक बार अदालत की कार्यवाही में शामिल होने के लिए भारत आया था।

मार्च में छह यूक्रेनी नागरिकों के साथ हुई थी गिरफ्तारी

एनआईए ने 13 मार्च को मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप था कि इन लोगों ने वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना मिजोरम के रास्ते म्यांमार में प्रवेश किया और वहां करीब तीन महीने तक जातीय सशस्त्र समूहों के सदस्यों को ड्रोन संचालन, ड्रोन असेंबल करने तथा जैमिंग तकनीक का प्रशिक्षण दिया। एनआईए के अनुसार, प्रशिक्षण पाने वाले समूहों में चिन नेशनल फ्रंट और काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी भी शामिल थे।

शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराएं लगाई गई थीं, लेकिन बाद में दाखिल आरोपपत्र में इन्हें शामिल नहीं किया गया। सातों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत आरोप लगाए गए। इन धाराओं के तहत कुछ अपराधों में समझौते के जरिए मामला निपटाने का प्रावधान है।

UAPA की धाराएं क्यों हटाई गईं?

UAPA की धाराएं आरोपपत्र में शामिल नहीं किए जाने के सवाल पर राकेश अग्रवाल ने कहा कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन इसके बाद अवैध रूप से म्यांमार में प्रवेश कर वहां विद्रोही समूहों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि जांच में आरोपियों के वैध वीजा पर भारत आने और अवैध रूप से म्यांमार जाने की पुष्टि हुई है। इस मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

अग्रवाल के मुताबिक, जांच का दूसरा हिस्सा अभी जारी है। इसमें पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने किन लोगों को प्रशिक्षण दिया और उनमें से कौन भारतीय विद्रोही समूहों (IIGs) से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों की पहचान होने तक आरोपियों के खिलाफ UAPA के तहत आरोप तय करना संभव नहीं है। इस संबंध में आगे की जांच जारी है और बड़ी मात्रा में उपलब्ध डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *