Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

PM मोदी आज लखनऊ दौरे पर…. किले में तब्दील हुआ शहर, 10 घंटे बंद रहेंगी ये सड़कें

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) शनिवार को उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री शाम लगभग 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे, जहां वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।


प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर लखनऊ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस समारोह में कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (आईटीओटी) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।


चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजधानी आएंगे। ऐसे में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। 4400 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। शुक्रवार को पीएम की फ्लीट का रिहर्सल भी किया गया। प्रधानमंत्री विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे।


संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के मुताबिक प्रधानमंत्री विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान आएंगे। कार्यक्रम के बाद सुरक्षा फ्लीट के माध्यम से तय सड़क मार्ग होते हुए एयरपोर्ट पहुंचकर विशेष विमान से नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे। उनकी सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों को जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है।


सुरक्षा में आठ डीसीपी, 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त, अधीनस्थ बल के 114 निरीक्षक, 946 उप-निरीक्षक, 108 महिला उप-निरीक्षक, 1967 सिपाही, 423 महिला आरक्षी, ट्रैफिक के 31 निरीक्षक, 140 उप-निरीक्षक, 619 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 11 कंपनी व दो प्लाटून पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, एनएसजी, एटीएस, और स्नाइपर एंटी ड्रोन सिस्टम के साथ एंटी ड्रोन टीम को भी मुस्तैद किया गया है। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। महत्वपूर्ण संस्थानों पर रूफ टॉप ड्यूटी भी लगाई गई है। पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को राजधानी आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां की हैं। किसी आपातस्थिति से निपटने के लिए शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों लोकबंधु राजनारायण, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और एसजीपीजीआई में सेफ हाउस बनाए गए हैं। तीनों अस्पतालों में इमरजेंसी से लेकर आईसीयू तक के इंतजाम हैं।


तीनों अस्पतालों में करीब 50 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। इनमें कार्डियोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग समेत दूसरे विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेफ हाउस में बेड, जरूरी दवाओं के साथ चिकित्सा उपकरणों और दूसरे संसाधनों की व्यवस्था भी है। ब्लड का भी इंतजाम किया गया है। शुक्रवार को अधिकारियों ने तीनों अस्पतालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। इमरजेंसी, आईसीयू, दवाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा टीमों को आपातस्थिति में तत्काल सक्रिय होने के निर्देश दिए।


प्रधानमंत्री के आगमन पर आज बदला रहेगा यातायात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ आगमन के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शनिवार दोपहर 12 से रात 10 बजे तक डायवर्जन रहेगा। इमरजेंसी की स्थिति में पुलिस स्कूली वाहन, शव वाहन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को निकलवाएगी। पुलिस ने लोगों से डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।


इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास व्यवस्था
– डिगडिगा (लोहिया पार्क) चौराहे से आने वाला यातायात गोमतीनगर नया ओवरब्रिज पर नहीं जा सकेगा। पिकप तिराहा होते हुए पॉलीटेक्निक चौराहे से गंतव्य को जा सकेंगे।
– लोहिया संस्थान तिराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। लोहिया अस्पताल जाने वालों के वाहन पिकप ढाल से उतरकर अस्पताल से पहले तिराहे से बाएं मुड़कर गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे।
– पिकप ओवरब्रिज के ऊपर दोराहे से सामान्य यातायात पिकप पुल ढाल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं जाएगा। यह यातायात पॉलीटेक्निक चौराहा होकर जा सकेगा।
– कठौता चौराहे से विजयीपुर अंडरपास इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहे की तरफ सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– विजयीपुर अंडरपास से सामान्य यातायात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं जाएगा।
– बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से सामान्य यातायात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं जा सकेगा।
– समिट बिल्डिंग तिराहे से विजयीपुर शहीद पथ अंडरपास के बीच सर्विस रोड पर सामान्य यातायात का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन पुलिस इन्क्लेव तिराहा होकर जा सकेगा।
– न्यू हाईकोर्ट मोड़ से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहे के बीच सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– मेघा मोटर्स की ओर से सामान्य यातायात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं आ सकेगा।
– हयात होटल तिराहे की तरफ से सामान्य यातायात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर नहीं जाएगा।


कमता तिराहा के आसपास डायवर्जन
– कमता शहीद पथ तिराहे से विराज टावर से विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– कमता शहीद पथ तिराहे से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। पॉलीटेक्निक चौराहे या चिनहट तिराहा होकर जा सकेगा।


पॉलीटेक्निक चौराहे के पास व्यवस्था
– पॉलीटेक्निक चौराहे से हजरतगंज की ओर वाया लोहिया पथ आने वाला सामान्य यातायात भूतनाथ, बादशाहनगर, निशातगंज होकर जा सकेगा। समता मूलक चौराहे से वाया पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज पुल, 1090 चौराहे से वाया बालू अड्डा तिराहा बटलर रोड होकर जा सकेंगे।
– इंदिरा नहर पुल अयोध्या मार्ग से कमता तिराहा की तरफ सामान्य यातायात, बसें, कॉमर्शियल बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे। ये इंदिरा नहर पुल चौराहे से किसानपथ होते हुए जाएंगे।
शहीद पथ के आसपास डायवर्जन
– अय्यपा अंडरपास से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात हुसड़िया अंडरपास, हनीमेन चौराहा होकर जा सकेगा।
– हुसड़िया से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। यह ग्वारी चौराहा, दयाल पैराडाइज चौराहा होकर जा सकेगा।
– मलेशेमऊ अंडरपास से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। डीपीएस कट, पिपराघाट तिराहा, जनेश्वर मिश्र पार्क होकर जा सकेंगे।
– सीएमएस गोमतीनगर विस्तार तिराहे से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– निलमथा अंडरपास, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता अंडरपास, अंसल की तरफ से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– सेक्टर-8 अंडरपास की तरफ से शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– कानपुर रोड से आने वाली बसें, कॉमर्शियल बड़े वाहन शहीद पथ की तरफ नहीं जा सकेंगे।


अहिमामऊ के पास यातायात व्यवस्था
– सुल्तानपुर रोड की तरफ से कबीरपुर किसानपथ अंडरपास से अहिमामऊ अंडरपास चौराहे की तरफ सामान्य यातायात नहीं जाएगा।
– खुर्दही बाजार की तरफ से अहिमामऊ चौराहा होते हुए शहीद पथ पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
– एचसीएल तिराहे की तरफ से अहिमामऊ होते हुए शहीद पथ पर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
– रायबरेली मार्ग की तरफ से हरीकंशगढ़ी किसानपथ अंडरपास से पीजीआई तिराहा, उतरेठिया अंडरपास चौराहा की तरफ सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।


सिटी बसों का संचालन होगा प्रभावित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के कारण शनिवार को सिटी बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। एयरपोर्ट, शहीद पथ और अमौसी रूट पर चलने वाली 22 बसों पर इसका असर पड़ेगा। सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन बसों का संचालन पूरी तरह बंद करने के मूड में नहीं है। कार्यक्रम के रूट पर बसों को नहीं उतारा जाएगा और इन्हें बदले रूट से चलाया जा सकता है।


लखनऊ में सिटी ट्रांसपोर्ट 125 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करता है। कमता से शहीद पथ के रास्ते एयरपोर्ट और अमौसी के लिए ई बसें चलती हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर सिटी बसों का संचालन प्रभावित होगा। कार्यक्रम के बाद बसों का संचालन सामान्य हो जाएगा। सिटी ट्रांसपोर्ट एमडी विमल राजन ने बताया कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि कम से कम बसों का संचालन बाधित हो।


रक्षा मंत्री एवं शहर के सांसद राजनाथ सिंह शनिवार व रविवार को शहर में रहेंगे। यहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से कालिदास मार्ग स्थित आवास पहुंचेंगे। शाम करीब पांच बजे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे, जहां वह कौशल दीक्षांत समारोह एवं राष्ट्रीय टॉपर्स के सम्मान समारोह में सम्मिलित होंगे।


रविवार को करीब 11:30 बजे बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर 2:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और देहरादून रवाना होंगे। वहां कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के बाद रक्षा मंत्री फिर शाम 6:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सात बजे निजी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद 7:40 बजे 5 कालिदास मार्ग स्थित आवास पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *