Saturday, November 21खबर जो असर करे |
Shadow

सूरजपुर में ‘कौशल दान अभियान’ शुरू, नागरिकों को स्वयंसेवक के रूप में प्रशिक्षण देने का अवसर

सूरजपुर, 21 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। जिले में स्थानीय प्रतिभाओं और अनुभवी नागरिकों के हुनर को समाज तक पहुँचाने के उद्देश्य से कौशल दान अभियान का शुभारम्भ किया गया है। यह पहल कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में शुरू की गई है, जिसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में निपुण नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कर सकते हैं। अभियान का मुख्य लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से कौशल विकास को प्रोत्साहित करना और युवाओं को अनुभवी व्यक्तियों से सीखने का सीधा मंच प्रदान करना है।

इस योजना में शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम व फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले नागरिक शामिल हो सकते हैं। इच्छुक व्यक्तियों को अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के आधार पर स्वेच्छा से दूसरों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने की अनुमति है, जिससे जिले में उपलब्ध स्थानीय प्रतिभाओं और व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग सामुदायिक विकास के लिये किया जा सकेगा।

जिला प्रशासन का मानना है कि प्रत्येक व्यक्ति के पास कोई न कोई ऐसा हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा कर दूसरों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। कौशल दान अभियान के माध्यम से इस सोच को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, विशेषकर युवाओं और नए कौशल सीखने के इच्छुक लोगों को अपने क्षेत्र के अनुभवी व्यक्तियों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा।

अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिये सम्मान व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक माह उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक स्वयंसेवक को ‘महीने का स्वयंसेवक’ का सम्मान दिया जाएगा, तथा उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान करने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष सम्मान दिया जाएगा।

अभियान में भाग लेने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीकरण कर स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। इच्छुक नागरिक इस लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान में जुड़कर अपना ज्ञान और हुनर समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *