नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के निमंत्रण पर नेपाल (Nepal) के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (Prime Minister Balendra Shah) 22 से 23 नवंबर तक भारत यात्रा (India Visit) पर आ रहे हैं। उनके साथ वित्त मंत्री डॉ स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस साल मार्च में पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। राजनयिक हलकों में इस दौरे के दौरान लगभग 2 अरब डॉलर के बड़े आर्थिक पैकेज और 10 सूत्रीय संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किए जाने की चर्चा है।
बड़े आर्थिक पैकेज पर नजर
सूत्रों के मुताबिक यात्रा के दौरान भारत नेपाल के लिए करीब 2 अरब डॉलर तक का बड़ा आर्थिक पैकेज घोषित कर सकता है। गौरतलब है कि नेपाल इस साल आई विनाशकारी ग्लेशियर बाढ़ के बाद आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों पर काफी खर्च कर रहा है। इसके अलावा विकास परियोजनाओं की समीक्षा, नई परियोजनाओं की घोषणा और ऊर्जा व कनेक्टिविटी से जुड़ी पहलें गति पकड़ सकती हैं।
10 सूत्रीय विजन दस्तावेज
नेपाली मीडिया में आई खबरों के मुताबिक यात्रा में समृद्ध नेपाल-समुन्नत भारत की अवधारणा पर आधारित 10 सूत्रीय संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किया जा सकता है। इसका उद्देश्य पारंपरिक कूटनीतिक प्रतिबद्धताएं आगे बढ़ाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में समयबद्ध लक्ष्य तय करना है। दस्तावेज में आर्थिक साझेदारी, कनेक्टिविटी, निवेश, जल संसाधन व ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, सुशासन, जनसंपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और व्यापार जैसे क्षेत्र शामिल बताए गए हैं।
