नई दिल्ली। चक्रवात अकवान लैंडफॉल (Cyclone Akwan Landfall) के बाद कमजोर होकर एक डिप्रेशन में बदल गया है. इसके कारण भारी बारिश (Heavy rain) तो हुई लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. शनिवार को कम बारिश होने की उम्मीद है।
ओडिशा सरकार (Odisha Government) के मंत्री के मुताबिक, चक्रवात अकवान के मद्देनजर शुक्रवार को साउथ ईस्टर्न रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया. प्रभावित ट्रेनों में से ज्यादातर पुरी जा रही थी या वहां से होकर गुजरने वाली थी. IMD के मुताबिक, शनिवार से बारिश कम होने की उम्मीद है. हालांकि, IMD ने 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
जगह-जगह हुआ जलभराव
शुक्रवार को ओडिशा में काफी बारिश हुई. भारी बारिश के कारण भुवेश्वर और कटक जैसे इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला. अधिकारियों के मुताबिक, कुछ जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है. हालांकि, गनीमत रही कि चक्रवात के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. मयूरभंज और बालासोर में आज भी भारी बारिश की संभावना है. गुरुवार-शुक्रवार को कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
राज्य में हो रही लगातार बारिश के मद्देनजर, नदियों के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को नौ जिलों से पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं जिनमें से सबसे ज्यादा घटनाएं गंजाम जिले में हुई हैं।
गौरतलब है, चक्रवात के मद्देनजर गुंडिचा मंदिर को 19 से 21 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रखा गया. शुक्रवार को खराब मौसम को देखते हुए कोणार्क सूर्य मंदिर को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया. जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ दिलीप कुमार राउत ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।
भुवनेश्वर में नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क और उससे सटे स्टेट बॉटनिकल गार्डन, केंद्रपाड़ा जिले में भीतरकनिका नेशनल पार्क और मयूरभंज में सिमलीपाल टाइगर रिज़र्व समेत अन्य पर्यटन स्थल भी शुक्रवार को बंद रहे।
