
मुंबई, 20 नवंबर (हिंदी समाचार)। सामाजिक समावेशिता और समान अधिकारों की बात को अपनी कथा में पेश करने वाली मराठी फ़िल्म बाप्या का चयन 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), गोवा के इंडियन पैनोरमा में किया गया है। निर्देशक समीर तिवारी की यह रचना मुख्यधारा सिनेमा श्रेणी में शामिल हुई है। यह चयन उसी समय आया है, जब मुंबई हाईकोर्ट में थर्ड जेंडर समुदाय के लिए अलग शौचालय जैसी पहलें चर्चा में हैं, जो समाज में समानता और समावेशिता की बढ़ती जागरूकता को दर्शाती हैं।
निर्देशक तिवारी ने हाल ही में निजी काम से बॉम्बे हाईकोर्ट का दौरा किया, जहाँ उनका ध्यान थर्ड जेंडर समुदाय के लिये निर्मित अलग शौचालय पर गया। उन्होंने बताया कि यह सुविधा केवल शारीरिक आवश्यकता नहीं, बल्कि समुदाय की पहचान और सम्मान को मान्यता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। तिवारी का मानना है कि ट्रांसजेंडर लोगों को सम्मान देना नया विचार नहीं, बल्कि भारतीय परम्परा और इतिहास में भी इसका बड़ा योगदान रहा है। इसी विचारधारा को बाप्या अपनी कहानी के माध्यम से आगे बढ़ाती है, जहाँ व्यक्तिगत पहचान, पसंद और प्रेम को सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर उठाने की बात की गई है।
गंभीर विषय को यद्यपि फ़िल्म में कॉमेडी, ड्रामा और प्रेम कहानी के तत्वों के साथ मनोरंजक रूप दिया गया है, फिर भी इसका सामाजिक संदेश स्पष्ट बना रहता है। अब तक बाप्या ने विश्व भर के 25 फ़िल्म समारोहों में चयन प्राप्त किया है, 17 पुरस्कार जीत चुके हैं और 22 नामांकन भी हासिल किए हैं। जनवरी 2026 में इसे पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में संत तुकाराम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
