
सूरजपुर, 20 नवंबर (हि.स.)— कौशल दान अभियान की घोषणा आज जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर रेना जमील के नेतृत्व में की गई। इस पहल के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, तकनीक और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिक स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएँ देने के लिए प्रेरित किये जा रहे हैं। उद्देश्य है जनभागीदारी के माध्यम से कौशल विकास को बढ़ावा देना और युवाओं को अनुभवी लोगों से सीखने का अवसर उपलब्ध कराना।
अभियान के तहत शिक्षण, संगीत, नृत्य, खेल, जिम एवं फिटनेस, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, कला, तकनीकी कार्य, कृषि और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले नागरिक भाग ले सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी रुचि, उपलब्ध समय और विशेषज्ञता के अनुसार स्वेच्छा से दूसरों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकेंगे, जिससे जिले में उपलब्ध स्थानीय प्रतिभाओं और व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग सामुदायिक विकास के लिए किया जा सकेगा। जिला प्रशासन के अनुसार, हर व्यक्ति के पास कोई न कोई ऐसा हुनर या अनुभव होता है, जिसे साझा कर अन्य लोगों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।
अभियान में बेहतर योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान की व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत प्रतिमाह उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक स्वयंसेवक को “महीने का स्वयंसेवक” सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने शिक्षकों, कलाकारों, खिलाड़ियों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों, कृषकों और विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष नागरिकों से अभियान से जुड़कर अपने ज्ञान और हुनर का लाभ समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर स्वयंसेवक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन की प्रक्रिया सरल रखी गई है और इसे लगभग दो मिनट में पूरा किया जा सकता है। पंजीयन के लिए नागरिक नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से कर सकते हैं।
