
बीजापुर, 18 नवंबर (हि.स.)—छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पुजारी कांकेर के जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए डंप से 50 नग बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई की पुष्टि बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने बुधवार को की और बताया कि जिले के अंदरूनी व संवेदनशील इलाकों में शांति, सुरक्षा और विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस एवं सुरक्षा बल लगातार अभियानों में लगे हुए हैं। जंगल व दुर्गम क्षेत्रों में सर्चिंग के साथ‑साथ डी‑माइनिंग का कार्य भी चल रहा है, जिसका मकसद नक्सलियों द्वारा पहले छिपाए गए विस्फोटकों और डंप को बरामद करना है।
बीजापुर पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केरिपु 196/ई की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। जवानों ने पुजारी कांकेर के जंगल में संदिग्ध स्थानों की पहचान की और आस‑पास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली। इसी दौरान पूर्व में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए डंप का पता चला।
सुरक्षा बलों ने मौके पर जांच‑तलाशी के दौरान कुल 50 नग बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए। बरामद सामग्री को थाना उसूर में आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। साथ ही सुरक्षा बलों ने अन्य संदिग्ध स्थानों की भी लगातार खोज‑खबर की जा रही है, ताकि नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री का पता लगाया जा सके।
बीजापुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि जंगल, सड़क, पगडंडी या किसी अन्य स्थान पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखने पर तुरंत नजदीकी थाने या सुरक्षा कैंप को सूचना दें। ऐसी वस्तु को छूने, उठाने या उसके साथ छेड़छाड़ करने से बचें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अन्य लोगों को भी दूर रहने का निर्देश दें। नागरिकों की सतर्कता एवं समय पर दी गई सूचना बड़ी दुर्घटना को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।
